रामदास आठवले के बिलासपुर प्रवास में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) नें दिखाई संगठनात्मक ताकत, 10 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़नें का ऐलान
📡 36garhnewsupdate.com...


बिलासपुर, छत्तीसगढ़। 10 सितंबर 2026
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) की छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं गौरव सम्मान समारोह में पार्टी नें आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक विस्तार की दिशा स्पष्ट की, कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं RPI (A) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा, शिक्षा, समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 19 विशिष्ट व्यक्तियों को गौरव सम्मान प्रदान किया गया, समारोह में विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

✍️ चार चरणों में हुआ आयोजन…
केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले के बिलासपुर प्रवास को पार्टी नें चार प्रमुख चरणों में आयोजित किया, कार्यक्रमों के प्रबंधन एवं संचालन की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रवक्ता आकाश आफले नें निभाई, उनके नेतृत्व में स्वागत, कार्यकर्ता संवाद, प्रेस वार्ता तथा अन्य कार्यक्रमों का समन्वय किया गया।
आठवले के बिलासपुर आगमन पर भारतीय नगर स्थित मिनी माता चौक में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया, इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती उषा आफले के निवास पर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई, नेहरू चौक पहुंचनें पर भी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने केंद्रीय मंत्री का जोरदार स्वागत किया।

✍️ प्रेस कॉन्फ्रेंस में 10 प्रमुख सीटों पर चुनाव लड़नें की घोषणा…
नेहरू चौक के पश्चात केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले, प्रदेश अध्यक्ष उषा आफले तथा प्रदेश प्रभारी अभिषेक वर्मा नें प्रेस वार्ता को संबोधित किया, इस दौरान पार्टी नें छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए 10 प्रमुख विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़नें की घोषणा की।
आरक्षण के मुद्दे पर रामदास आठवले नें कहा कि आरक्षण समाप्त करनें के विषय में अभी जल्दबाजी उचित नहीं है और इस संबंध में समयानुकूल विचार किया जाना चाहिए।

✍️ केंद्रीय मंत्री तोखन साहू से मुलाकात…
इसके बाद रामदास आठवले, उषा आफले एवं अभिषेक वर्मा नें केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू से उनके निवास पर मुलाकात की, इस दौरान विभिन्न राजनीतिक एवं संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई।

✍️ लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में कार्यकर्ता सम्मेलन…
मुख्य कार्यक्रम लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम, बिलासपुर में आयोजित किया गया, सम्मेलन में केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले एवं प्रदेश अध्यक्ष उषा आफले सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
सम्मेलन में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं, पार्टी नें बिलासपुर के तिफरा स्थित बीड़ी कॉलोनी में रहनें वाले गरीब एवं आवासविहीन लोगों के लिए स्थायी आवास की मांग को पार्टी के प्रमुख जनहित एजेंडे में शामिल करनें की बात कही।
इसके साथ ही बिलासपुर जिले में रोजगार की आवश्यकता वाले पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में संगठनात्मक प्रयास करनें का आश्वासन भी दिया गया।

✍️ छत्तीसगढ़ में व्यापक सदस्यता अभियान की तैयारी…
कार्यकर्ता सम्मेलन में छत्तीसगढ़ में व्यापक सदस्यता अभियान चलानें की घोषणा की गई, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों से अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा संगठन का विस्तार जमीनी स्तर तक करनें का आह्वान किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष उषा आफले नें कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के अधिकार तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को और मजबूत करेगी।

✍️ जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प…
राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं गौरव सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, समर्थक एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए, कार्यक्रम नें रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के संगठनात्मक विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए नई दिशा निर्धारित की।
पार्टी नें आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ-साथ सदस्यता विस्तार और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देनें का संकल्प दोहराया।




