रायपुर के नवाचारों से सीखने पहुंची असम की टीम, सरकारी सेवाओं में सुधार के प्रयासों का लिया जायजा
📡36garhnewsupdate.com


जिला प्रशासन की विभिन्न पहलों का किया अवलोकन, असम में जरूरत के अनुसार अपनाने की जताई इच्छा
रायपुर, 12 सितंबर 2026
रायपुर जिला प्रशासन द्वारा आम लोगों की सुविधा और सरकारी सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे नवाचार अब दूसरे राज्यों के लिए भी सीख का माध्यम बन रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिले में संचालित विभिन्न नवाचारों और जनहितकारी पहलों को समझने के लिए असम से एक प्रतिनिधिमंडल रायपुर पहुंचा।
असम की टीम ने रायपुर जिले में संचालित विभिन्न परियोजनाओं और सुविधाओं का भ्रमण कर उनके काम करने के तरीके, उद्देश्य और आम लोगों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली।

कई प्रमुख परियोजनाओं का किया अवलोकन
प्रतिनिधिमंडल ने प्रोजेक्ट पुनर्जीवन, बीपीओ, प्रोजेक्ट सुरक्षा, कलेक्टर जनदर्शन, कॉल सेंटर, दिव्यांग गैरेज, प्रोजेक्ट पालना, तक्षशिला लाइब्रेरी, प्रोजेक्ट लाइफस्टाइल, प्रोजेक्ट रचना, आईटीआई सड्डू, नुक्कड़ कैफे, प्रोजेक्ट अजा, नालंदा परिसर और कला केंद्र सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया।
इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने टीम को प्रत्येक पहल के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और उससे आम नागरिकों को मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी दी। टीम ने मौके पर व्यवस्थाओं को देखा और अधिकारियों से विभिन्न पहलुओं पर चर्चा भी की।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन भी उपस्थित रहे।
स्थानीय जरूरतों पर आधारित प्रयासों की सराहना
असम के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। टीम के सदस्यों ने कहा कि स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए ये प्रयास आम लोगों के लिए सुविधाएं बढ़ाने के साथ सरकारी सेवाओं को अधिक प्रभावी और बेहतर बनाने में उपयोगी साबित हो रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि रायपुर में संचालित कई नवाचारों से उन्हें नए विचार और सीख मिली है। इन अनुभवों का अध्ययन कर असम में स्थानीय जरूरतों के अनुसार ऐसे प्रयासों को लागू करने की संभावनाओं पर काम किया जाएगा।
असम से आए प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर जिला प्रशासन और छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग, मार्गदर्शन एवं आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया।



