CHHATTISGARHnewsraipur

दंतेवाड़ा में विकास कार्यों की समीक्षा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा—गुणवत्ता से समझौता नहीं, देरी पर तय होगी जवाबदेही

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 11 सितंबर 2026

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दंतेवाड़ा में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने स्वीकृत, निर्माणाधीन और प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री साव ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को कार्यशैली और कार्य संस्कृति में बदलाव लाते हुए परिणाम आधारित कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ नागरिकों तक पहुंचना चाहिए और योजनाओं का असर धरातल पर दिखाई देना जरूरी है।

बैठक में लोक निर्माण विभाग सहित सभी निर्माण एजेंसियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए सड़कों, भवनों, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। कार्यों में अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने सभी शासकीय कार्यालयों और परिसरों को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं नागरिकों के अनुकूल बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

प्रधानमंत्री आवास और जल जीवन मिशन पर विशेष जोर

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्माणाधीन आवासों में तेजी लाने और उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वहीं जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण हो चुकी योजनाओं को ग्राम पंचायतों को संचालन के लिए हस्तांतरित करने को कहा गया।

उन्होंने प्रगतिरत नल-जल योजनाओं को जल्द पूरा करने तथा ठेकेदारों और संबंधित एजेंसियों के लंबित बिलों का भुगतान करने के निर्देश भी दिए। साथ ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जलापूर्ति योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बारिश के बाद निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि बरसात समाप्त होते ही सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों से अपने दायित्वों का गंभीरता, सक्रियता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करने की अपेक्षा जताते हुए कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का असर केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका स्पष्ट प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

बैठक में कलेक्टर देवेश ध्रुव, वनमंडलाधिकारी रामाकृष्ण रंगानाथा वाय., अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के बस्तर संभागीय एवं दंतेवाड़ा जिला कार्यालयों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest