CHHATTISGARHnewsraipur

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश, लोक सेवा गारंटी के आवेदनों के समयबद्ध निराकरण पर कलेक्टर का जोर

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 11 सितंबर 2026

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने और अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने शुक्रवार को रेडक्रॉस सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की फॉलोअप बैठक में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, शासकीय कार्यों और जनहित से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के साथ मैदानी स्तर पर योजनाओं की प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए।

पीएम आवास के प्रकरण जल्द पूरे करने के निर्देश

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित मामलों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लाभार्थियों को बुलाकर योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।

कलेक्टर ने अभनपुर एसडीएम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए जिले के अन्य एसडीएम को भी इसी तरह प्रभावी और परिणाम आधारित कार्य करने के निर्देश दिए।

आरआरसी वसूली और पीएम किसान के मामलों पर सख्ती

डॉ. सिंह ने सभी एसडीएम को आरआरसी वसूली की कार्रवाई में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीएम किसान सम्मान निधि से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए।

लोक सेवा गारंटी के मामलों में देरी पर होगी कार्रवाई

कलेक्टर ने जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड सहित लोक सेवा गारंटी से जुड़े सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के बाद प्रकरण लंबित रहने पर लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। स्कूलों में शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों के जाति, निवास और अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी आवेदन को निरस्त करने की स्थिति में आवेदक को निरस्तीकरण का स्पष्ट कारण अनिवार्य रूप से बताया जाए। सीमांकन से जुड़े आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।

तिलापिया मछली पालन के लिए क्लस्टर विकसित करने पर जोर

बैठक में कलेक्टर ने जिले में तिलापिया मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से प्रयास किए जाएं तो रायपुर जिला तिलापिया मछली उत्पादन के क्षेत्र में देश में अपनी विशिष्ट पहचान बना सकता है।

सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

कलेक्टर ने नगर के सभी जोनों में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने और खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाए और मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest