चाकूबाजों पर सेंट्रल जोन पुलिस की सख्ती, 24 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर। 8/9/2026
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में चाकूबाजी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने पुलिस ने सघन चेकिंग और विजिबल पुलिसिंग अभियान तेज कर दिया है। 7 और 8 सितंबर 2026 के बीच चलाए गए अभियान में गोलबाजार, गंज और मौदहापारा थाना क्षेत्रों से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए हैं।
प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल भेज दिया गया।

तीन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई
पुलिस के अनुसार गंज थाना क्षेत्र में नितेश सोनी (19) को तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे से धारदार चाकू के साथ पकड़ा गया। वहीं अशोक भाण्डेकर (40) के कब्जे से नहरपारा आम रोड क्षेत्र में आत्मानंद स्कूल की दीवार के पीछे से चाकू बरामद किया गया।
मौदहापारा थाना क्षेत्र में धन्नू साहू (20) को ताज चौक, मेकाहारा अस्पताल रोड से धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। रविन्द्र साठे (40) के कब्जे से मेकाहारा अस्पताल के एम्बुलेंस स्टैंड के पास से चाकू बरामद हुआ। इसी तरह मनोज यादव (34) को मेकाहारा अस्पताल सुलभ के पास से धारदार चाकू के साथ पकड़ा गया।

लिस्टेड बदमाशों की भी ली गई परेड
अभियान के दौरान पुलिस ने केवल संदिग्धों की चेकिंग तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक तत्वों और लिस्टेड गुंडा-बदमाशों की भी निगरानी बढ़ाई। प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा ने थाना गोलबाजार में क्षेत्र के लिस्टेड गुंडा-बदमाशों को तलब कर उनकी वर्तमान गतिविधियों और आचरण की जानकारी ली तथा अपराध से दूर रहने की सख्त समझाइश दी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सेंट्रल जोन में विजिबल पुलिसिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और आपराधिक तत्वों की धरपकड़ का अभियान लगातार जारी रहेगा।



