17 सितंबर को 25 लाख दीयों से जगमगाएगा रायपुर, सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां तेज
📡36garhnewsupdate.com


कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मरीन ड्राइव पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारी के निर्देश
रायपुर, 13 सितंबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी 17 सितंबर को रायपुर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शहर में एक साथ 25 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे, जिससे रायपुर दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगा।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बीती रात मरीन ड्राइव पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से आयोजन की तैयारियों की जानकारी ली और सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, आयोजन स्थल की व्यवस्था और कार्यक्रम के सुचारू संचालन से जुड़ी तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
शाम 7 बजे दीप लेकर पहुंचने की अपील
17 सितंबर की शाम रायपुर एक साथ लाखों दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से इस विशेष आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने की अपील की है।
प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे दीप लेकर कार्यक्रम में पहुंचे और सशक्त रायपुर, सशक्त छत्तीसगढ़ एवं सशक्त भारत के संकल्प के साथ एक दीप जरूर प्रज्वलित करें।

निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत कुमार बिश्वरंजन, पुलिस डीसीपी (जोन मध्य) तारकेश्वर पटेल, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा, अपर संचालक जनसंपर्क उमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, संयुक्त संचालक जनसंपर्क पवन गुप्ता, एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला, एसडीएम रायपुर नंदकुमार चौबे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



