CHHATTISGARH

महापौर मीनल चौबे नें जोन 08, 09 और 10 के कार्यों की समीक्षा की, अवैध निर्माण व अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

📡 36garhnewsupdate.com...

📡 जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अधूरी कार्रवाई पर अधिकारियों को लगाई फटकार…

रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे नें गुरुवार को नगर निगम के जोन क्रमांक 08, 09 एवं 10 के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर विकास कार्यों, जल निकासी व्यवस्था, जलभराव, पेयजल आपूर्ति, अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण से जुड़े मामलों की बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में महापौर ने अधिकारियों को जनहित के सभी मामलों में त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनें के निर्देश दिए।

महापौर नें स्पष्ट कहा कि नियमों के विरुद्ध किए गए किसी भी अवैध निर्माण, नालों पर अतिक्रमण अथवा जल निकासी व्यवस्था को बाधित करनें वाली गतिविधियों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर की लापरवाही या अनावश्यक हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा।

✒️ जोन-08: धीमी कार्यप्रगति पर नाराजगी…

जोन-08 की समीक्षा के दौरान महापौर नें विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताई, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय स्थापित कर जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए, ताकि नागरिकों को शीघ्र राहत मिल सके।

✒️ जोन-09: नालों पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण पर सख्ती…

जोन-09 की बैठक में पार्षदों नें वार्ड क्रमांक-08 सहित कई क्षेत्रों में नालों पर अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण के कारण जल निकासी बाधित होनें और जलभराव की समस्या से अवगत कराया, पाम रिजॉर्ट, एसेड रिजॉर्ट, रॉयल रिजॉर्ट सहित अन्य कॉलोनाइजरों द्वारा नियमों के विपरीत निर्माण किए जानें का मुद्दा भी उठाया गया।

महापौर नें अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अवैध निर्माणों की जांच कर दोषी कॉलोनाइजरों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

✒️ अधूरी ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर जताई नाराजगी…

रीबाउंस बिल्डिंग के समीप निर्माणाधीन टिन शेड के मामले में महापौर ने विशेष नाराजगी व्यक्त की, उन्होंने कहा कि यदि कोई निर्माण अवैध है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई अधूरी नहीं छोड़ी जा सकती, संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की जांच कर शेष ध्वस्तीकरण कार्रवाई तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

✒️ जोन-10: जलभराव के स्थायी समाधान पर जोर…

जोन-10 की समीक्षा में देवपुरी स्कूल परिसर, वीआईपी चौक स्थित राम मंदिर, बीएसयूपी कॉलोनी (काठाडीह), महावीर नगर, मेट्रो हाइट्स, काली नहर, संतोषी नगर एवं विशाल नगर क्षेत्रों में जलभराव की समस्याओं की समीक्षा की गई।

महापौर नें निर्देश दिए कि-

  • चिन्हित जलभराव स्थलों का दो सप्ताह के भीतर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
  • बीएसयूपी कॉलोनी में पुलिया निर्माण हेतु जियो टैगिंग एवं तकनीकी सर्वे कर प्रस्ताव शीघ्र तैयार किया जाए।
  • लगभग 18 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित नाला निर्माण कार्य प्राथमिकता के साथ शुरू किया जाए।
  • शुभम के मार्ट के पास नालों में अवैध छेड़छाड़ की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

बैठक में अधिकारियों नें बताया कि जोन-10 में वर्तमान में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था संतोषजनक है और कोई गंभीर समस्या नहीं है।

✒️ तीन नोटिस के बाद होगी कार्रवाई…

महापौर मीनल चौबे नें निर्देश दिए कि अवैध अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार तीन नोटिस जारी करनें के बाद तत्काल कार्रवाई की जाए, उन्होंने कहा कि कार्रवाई की प्राथमिकता मुख्य मार्गों, अधिक पार्किंग दबाव वाले क्षेत्रों और उसके बाद अन्य स्थानों पर तय की जाए, जिससे यातायात और आमजन की सुविधा प्रभावित न हो।

✒️ महापौर का स्पष्ट संदेश…

महापौर श्रीमती मीनल चौबे नें कहा कि नगर निगम शहर में अवैध निर्माण, नालों पर अतिक्रमण तथा जल निकासी व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करनें वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कठोर कार्रवाई करेगा, नागरिकों की सुविधा, सुरक्षित जल निकासी व्यवस्था और सुव्यवस्थित शहरी विकास नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में जोन-08, 09 एवं 10 के संबंधित जोन अध्यक्ष, एमआईसी सदस्य, पार्षद, जोन कमिश्नर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest