CHHATTISGARHKORBA

विश्व हिन्दू परिषद ने राजकुमार सिंह को बनाया कोरबा जिला गौ सेवा प्रमुख

📡36garhnewsupdate.com

 

कोरबा। 29/07/2026

विश्व हिन्दू परिषद ने संगठन विस्तार एवं गौ संरक्षण कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राजकुमार सिंह (राजू भैया) को कोरबा जिला गौ सेवा प्रमुख का दायित्व सौंपा है। संगठन ने उनकी नियुक्ति पर विश्वास जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जिले में गौ संरक्षण और गौसेवा से जुड़े कार्यों को नई दिशा मिलेगी।

विश्व हिन्दू परिषद के अनुसार राजकुमार सिंह लंबे समय से गौसेवा, सामाजिक सेवा एवं विभिन्न जनहित कार्यों में सक्रिय रहे हैं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, सेवा भावना और समर्पण को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण आधार हैं। गौ रक्षा और गौसेवा केवल धार्मिक विषय नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजकुमार सिंह कार्यकर्ताओं के सहयोग से जिले में गौसेवा के विभिन्न आयामों पर प्रभावी कार्य करेंगे।

नवनियुक्त जिला गौ सेवा प्रमुख राजकुमार सिंह ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सौंपे गए दायित्व का पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि गौवंश की सुरक्षा, निराश्रित गौवंश की सेवा, गौशालाओं के सहयोग तथा गौसेवा के प्रति जनजागरण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा। साथ ही युवाओं और समाज के सभी वर्गों को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

राजकुमार सिंह की नियुक्ति पर विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों ने शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में कोरबा जिले में गौसेवा के कार्यों को नई ऊर्जा और गति मिलेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest