एक माह में ही उखड़ी गौरव पथ की परत: थाना चौक से रेलवे फाटक तक सड़क बदहाल, जलभराव से दुर्घटनाओं का बढ़ा खतरा
📡 36garhnewsupdate.com

📡 स्थानीय नागरिकों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति आक्रोश, सड़क की मरम्मत और नालियों की तत्काल सफाई की मांग…
दीपका/कोरबा। दीपका नगर पालिका परिषद द्वारा लाखों रुपये की लागत से निर्मित गौरव पथ मार्ग की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। थाना चौक से दीपका रेलवे फाटक तक लगभग एक माह पूर्व कराया गया डामरीकरण अब जगह-जगह से उखड़ चुका है। रेलवे फाटक के समीप सड़क बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे प्रतिदिन हजारों राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

✒️ निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल…
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके। लेकिन निर्माण के महज 30 दिनों के भीतर सड़क का इस तरह क्षतिग्रस्त हो जाना कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा रहा है।
दीपका रेलवे फाटक के पास का यह मार्ग कॉलोनीवासियों सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। सड़क की दुर्दशा के कारण प्रतिदिन यातायात प्रभावित हो रहा है।

✒️ जाम नालियों से सड़क पर जलभराव…
क्षेत्रवासियों के अनुसार सड़क किनारे बनी नालियों की लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण वे पूरी तरह जाम हो चुकी हैं। परिणामस्वरूप गंदा पानी सड़क पर बह रहा है और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
बारिश के दौरान गड्ढे पानी में छिप जाने से दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। आए दिन वाहन चालक फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। वहीं रात के समय सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा न लग पाने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। लगातार जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है।

✒️ नगर पालिका से त्वरित कार्रवाई की मांग…
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि गौरव पथ मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा जाम नालियों की सफाई कर जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए।
निवासियों का कहना है कि वे नियमित रूप से कर (टैक्स) का भुगतान करते हैं, लेकिन बदले में उन्हें बदहाल सड़कें और जाम नालियों की समस्या झेलनी पड़ रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जनहित को प्राथमिकता देते हुए सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने, जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने तथा शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है।




