CHHATTISGARHraipur

स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव से खेल विकास को मिलेगी नई दिशा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पदक विजेताओं को दी प्रोत्साहन राशि

📡36garhnewsupdate.com

 

रायपुर, 28 जुलाई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य के पहले स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के समापन सत्र में शामिल हुए। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कॉन्क्लेव में खेल प्रशासकों, नीति निर्माताओं, खेल वैज्ञानिकों, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और विशेषज्ञों ने छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं के विकास, आधुनिक खेल अधोसंरचना और प्रशिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर मंथन किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को प्रोत्साहन राशि वितरित की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। उत्कृष्ट खेल मिशन के तहत खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए वर्ष 2026-27 के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दी गई है, जिन्हें भविष्य में शासकीय सेवाओं में नियमानुसार लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजनों ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को नया मंच प्रदान किया है। बस्तर ओलंपिक में लगभग चार लाख तथा सरगुजा ओलंपिक में साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों की भागीदारी राज्य की खेल संस्कृति को मजबूत करने का प्रमाण है।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव से प्राप्त सुझावों के आधार पर राज्य में खेल विकास की प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर से ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है।

19 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को मिला सम्मान

मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में पदक जीतने वाले 11 खिलाड़ियों और तीन टीमों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की। छत्तीसगढ़ ने प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक हासिल किए थे।

स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को 2 लाख रुपये, रजत पदक विजेताओं को 1.50 लाख रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। वहीं टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक विजेता महिला फुटबॉल टीम को 22 लाख रुपये, रजत पदक विजेता पुरुष फुटबॉल टीम को 16.50 लाख रुपये तथा कांस्य पदक विजेता पुरुष हॉकी टीम को 9 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।

समापन समारोह में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, खेल वैज्ञानिक, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, प्रशिक्षक, सभी जिलों के खेल अधिकारी तथा विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest