CHHATTISGARHKORBA

विश्व हिन्दू परिषद कोरबा जिला अध्यक्ष अमरजीत सिंह के जन्मदिवस पर सेवा कार्यों की धूम, अस्पताल से आश्रम तक चला जनसेवा अभियान

📡 36garhnewsupdate.com...

कोरबा। विश्व हिन्दू परिषद कोरबा के जिला अध्यक्ष एवं समाजसेवी श्री अमरजीत सिंह के जन्मदिवस पर जिलेभर में सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने जन्मदिवस को उत्सव के बजाय जनसेवा दिवस के रूप में मनाते हुए जरूरतमंदों की सहायता कर समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

इस अवसर पर जिला अस्पताल कोरबा में भर्ती मरीजों के परिजनों के लिए भोजन सेवा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों को ससम्मान भोजन कराया गया। वहीं अपना घर सेवा आश्रम में निवासरत प्रभुजनों को भोजन एवं खीर वितरित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

जन्मदिवस के उपलक्ष्य में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिसका लाभ बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया।

इसी क्रम में कोरबा नगर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने फ्लेक्स एवं बैनर लगाकर श्री अमरजीत सिंह को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। कई स्थानों पर सेवा कार्यों के माध्यम से समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि श्री अमरजीत सिंह समाज सेवा, राष्ट्रहित, धर्म रक्षा, गौ सेवा तथा संगठन विस्तार के कार्यों में सदैव सक्रिय और अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। उनके नेतृत्व में विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल कोरबा द्वारा समय-समय पर जनसेवा, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक संरक्षण से जुड़े अनेक कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं।

जन्मदिवस पर आयोजित इन सेवा गतिविधियों ने समाज में सेवा, समर्पण, मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी संदेश दिया।

कार्यक्रमों में विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के जिला, प्रखंड, नगर एवं वार्ड स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest