CHHATTISGARHraipur

हर घर पहुंचा स्वच्छ जल, जल जीवन मिशन से बदली ग्राम राहुद की तस्वीर

📡36garhnewsupdate.com

 

रायपुर, 15 जुलाई 2026।

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के खैरागढ़ विकासखंड स्थित ग्राम राहुद में जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। कभी पेयजल संकट से जूझने वाला यह गांव अब प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की नियमित आपूर्ति के कारण विकास की नई पहचान बन गया है।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के तहत ग्राम राहुद में 60 किलोलीटर क्षमता की उच्च स्तरीय जल टंकी का निर्माण कराया गया है। साथ ही सुदृढ़ पाइपलाइन नेटवर्क विकसित कर गांव के लगभग 300 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। इससे ग्रामीणों को अब घर पर ही स्वच्छ पेयजल मिल रहा है और वर्षों पुरानी पानी की समस्या का समाधान हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार पहले पानी लाने के लिए दूर-दराज के जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। विशेषकर गर्मी के मौसम में स्थिति अत्यंत कठिन हो जाती थी और परिवार का काफी समय केवल पेयजल की व्यवस्था में ही व्यतीत होता था। अब घर-घर नल से जल पहुंचने के बाद महिलाओं और बच्चों को इस जिम्मेदारी से राहत मिली है, जिससे वे शिक्षा, आजीविका एवं अन्य उपयोगी कार्यों के लिए अधिक समय दे पा रहे हैं।

जल जीवन मिशन के तहत केवल पेयजल उपलब्ध कराने तक ही सीमित नहीं रहा गया, बल्कि ग्रामीणों में जल संरक्षण, जल स्रोतों की सुरक्षा एवं जिम्मेदार जल उपयोग के प्रति भी जागरूकता बढ़ाई जा रही है। ग्राम पंचायत और ग्रामीणों की सहभागिता से जलापूर्ति व्यवस्था के संचालन एवं संधारण को सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे योजना का लाभ दीर्घकाल तक सुनिश्चित हो सके।

स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता का सकारात्मक प्रभाव ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई दे रहा है। दूषित पानी से होने वाली बीमारियों की आशंका में कमी आई है तथा स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है।

ग्राम राहुद में जल जीवन मिशन से आया यह परिवर्तन ग्रामीण विकास की दिशा में एक उल्लेखनीय उपलब्धि माना जा रहा है। यह योजना केवल हर घर तक जल पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीणों के जीवन को अधिक सुविधाजनक, स्वस्थ और सम्मानजनक बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने ग्रामीणों से जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest