उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ‘जोहार श्री जगन्नाथ रथ’ को दिखाई हरी झंडी, श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पहुंचेंगी जगन्नाथ धाम
📡36garhnewsupdate.com

रायपुर।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से “जोहार श्री जगन्नाथ रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू भी उपस्थित रहे।

माय एफएम 94.3 और एटी ज्वेलर्स की संयुक्त पहल से तैयार यह विशेष रथ प्रदेशभर के श्रद्धालुओं की आस्था और श्रद्धा का संदेश लेकर जगन्नाथ धाम पहुंचेगा। श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं और प्रार्थनाएं लिखकर रथ में स्थापित कलश में समर्पित कर सकेंगे। इन संदेशों को माय एफएम 94.3 की टीम भगवान जगन्नाथ के पावन धाम तक पहुंचाएगी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान श्रद्धालुओं की आस्था को भगवान जगन्नाथ के पावन धाम से जोड़ने का एक अनूठा माध्यम है। इससे प्रदेश के लोगों को अपनी भावनाएं और प्रार्थनाएं भगवान तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

‘जोहार श्री जगन्नाथ रथ’ को श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था को समर्पित एक अभिनव पहल माना जा रहा है, जो भगवान जगन्नाथ के प्रति लोगों की श्रद्धा और विश्वास को नई अभिव्यक्ति प्रदान करेगी।


