CHHATTISGARHKORBA

एस.ई.सी.एल. दीपका क्षेत्र में ठेका मजदूर के हक पर डाका! मौत के वर्षों बाद भी परिवार CMPF खाता नंबर के लिए भटकने को मजबूर

📡 36garhnewsupdate.com...

दीपका/कोरबा। दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के दीपका क्षेत्र में ठेका श्रमिकों के अधिकारों की अनदेखी का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक मृत ठेका श्रमिक के परिजनों को उनके पिता की भविष्य निधि (CMPF) से संबंधित राशि प्राप्त करने के लिए वर्षों से दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। आरोप है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा आज तक श्रमिक का CMPF खाता क्रमांक (Account Number) उपलब्ध नहीं कराया गया, जिसके कारण परिवार आर्थिक सहायता से वंचित है।

✒️ क्या है मामला…?

प्राप्त जानकारी एवं उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार, ग्राम अड़ीकछार, हरदीबाजार, जिला कोरबा निवासी स्वर्गीय दादू सिंह अप्रैल 2015 से मार्च 2016 तक ठेकेदार कुंदन कुमार के अधीन SECL दीपका क्षेत्र में कार्यरत थे। जनवरी 2018 में उनका आकस्मिक निधन हो गया।

मृत्यु के बाद उनके पुत्र राधेश्याम आयाम ने पिता की Coal Mines Provident Fund (CMPF) संबंधी प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान उन्हें पता चला कि संबंधित ठेकेदार ने आज तक उनके पिता का CMPF खाता क्रमांक उपलब्ध नहीं कराया है, जिसके अभाव में आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है।

✒️ ठेकेदार पर जानकारी छिपाने का आरोप

पीड़ित राधेश्याम आयाम का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित ठेकेदार से CMPF खाते की जानकारी मांगी, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। उनका कहना है कि आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण परिवार अपने वैधानिक अधिकारों से वंचित है।

✒️ SECL प्रबंधन से लगाई गुहार

लगातार प्रयासों के बावजूद समाधान नहीं मिलने पर राधेश्याम आयाम ने 10 जून 2026 को पर्सनल मैनेजर, SECL दीपका क्षेत्र के कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पावती संख्या 716 है। शिकायत पत्र में संबंधित अभिलेखों की जांच कर ठेकेदार को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा मृतक श्रमिक का CMPF खाता क्रमांक उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

✒️ पीड़ित परिवार ने दी आंदोलन की चेतावनी

राधेश्याम आयाम ने कहा कि उनके पिता ने वर्षों तक ईमानदारी से कार्य किया, लेकिन आज उनके निधन के बाद परिवार अपने वैधानिक अधिकारों के लिए भटक रहा है। उन्होंने कहा कि यदि SECL प्रबंधन शीघ्र कार्रवाई कर CMPF संबंधी जानकारी उपलब्ध नहीं कराता और न्याय नहीं दिलाता, तो परिवार आंदोलन करने के लिए विवश होगा।

✒️ ठेका श्रमिकों के अधिकारों पर उठे सवाल

यह मामला SECL दीपका क्षेत्र में कार्यरत ठेका श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा अधिकारों और श्रम कानूनों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब निगाहें SECL के उच्च प्रबंधन पर हैं कि वह शिकायत की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाता है या नहीं।

(नोट: यह समाचार पीड़ित परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों, उपलब्ध दस्तावेजों एवं शिकायत के आधार पर तैयार किया गया है। संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest