CHHATTISGARHधमतरी

धमतरी में हत्या का सनसनीखेज मामला: चंद घंटों में खुलासा, 8 आरोपी गिरफ्तार, दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल

36garhnewsupdate.com

2/07/2026

 

संवाददाता: गोविंदा सेन

धमतरी । जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम डाही में शराब सेवन के दौरान हुए विवाद में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में 6 वयस्क तथा 2 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का लट्ठा और बोल्डर पत्थर भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 29 जून 2026 की रात ग्राम डाही-बगदेही मार्ग पर शीतला मंदिर के आगे मोबाइल टावर के पास कुछ युवक शराब पी रहे थे। इसी दौरान हुलास मंडावी (32), निवासी ग्राम डाही, और अन्य युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई।

आरोप है कि मुख्य आरोपी रोशन ध्रुव और मुकेश यादव ने सड़क किनारे पड़े लकड़ी के मोटे लट्ठे से हुलास मंडावी के सिर पर लगातार वार किए। इसके बाद एक अन्य आरोपी ने बोल्डर पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय अन्य आरोपी भी घटनास्थल पर मौजूद थे।

सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हत्यात्मक पाए जाने के बाद कुरूद थाना में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कुरूद के पर्यवेक्षण में कुरूद थाना एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना तथा संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पूरी रात अभियान चलाकर मामले का खुलासा किया और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का लट्ठा और बोल्डर पत्थर जब्त किया है। मामले में थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 197/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 296(बी), 191(2) एवं 191(3) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना जारी है।

गिरफ्तार वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष नियमानुसार प्रस्तुत किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी

📡 रोशन ध्रुव (21 वर्ष)

📡 मुकेश यादव (19 वर्ष)

📡 अमन नेताम (19 वर्ष)

📡रविशंकर पटेल (22 वर्ष)

📡 चंद्रशेखर पटेल (22 वर्ष)

📡 सागर मरकाम (25 वर्ष)

सभी आरोपी ग्राम डाही, थाना कुरूद, जिला धमतरी के निवासी हैं। इसके अतिरिक्त मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से उत्पन्न विवादों से दूर रहने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जिले में गंभीर अपराधों के विरुद्ध त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest