साहित्य सृजन संस्थान की 46वीं मासिक काव्य संध्या संपन्न, कवियों की रचनाओं और श्रुति संघी के गीतों ने बांधा समां
36garhnewsupdate.com

वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मीनारायण लहरे
रायपुर,29 जून 2026
साहित्य सृजन संस्थान द्वारा आयोजित 46वीं मासिक काव्य संध्या का आयोजन रायपुर के वृंदावन हॉल में साहित्यिक गरिमा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कवियों, शायरों और साहित्यकारों ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं की भरपूर सराहना और तालियां बटोरीं। वहीं गायिका श्रुति संघी जैन की मधुर गीत प्रस्तुति ने पूरे सभागार को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व आईएएस डॉ. संजय अलंग रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में धर्मराज महापात्र (राष्ट्रीय अध्यक्ष, ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लाइज एसोसिएशन) एवं वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार धर द्विवेदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वीर अजीत शर्मा ने की, जबकि सफल संचालन उमेश कुमार सोनी ‘नयन’ ने किया।
इस अवसर पर साहित्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए श्वेता शर्मा को मोना सर्वश्रेष्ठ रचनाकार सम्मान, धर्मराज महापात्र को समाज सेवा सम्मान तथा श्रुति संघी को संगीत सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया।
काव्य संध्या में वरिष्ठ एवं युवा रचनाकारों ने प्रेम, प्रकृति, सामाजिक सरोकार, नारी शक्ति, बेटियों, रिश्तों, राष्ट्रभक्ति और मानवीय संवेदनाओं जैसे विविध विषयों पर प्रभावशाली कविताएं प्रस्तुत कीं। रूनाली चक्रवर्ती की कविता “तलाश” की पंक्तियां—
“इस कठिनाई भरी जिंदगी में, खुशी के फूल कहाँ तलाश करूँ?
गर्मी की इस तपती, जलती और चिलमिलाती धूप में, बारिश की बूंदें कहाँ तलाश करूँ…”
—ने श्रोताओं को गहरे भावों से जोड़ दिया।
इसके अलावा उमाशंकर मिश्रा, सत्येन्द्र तिवारी ‘सकुति’, बलजीत कौर, प्रमदा ठाकुर, डॉ. साधना कसार, वंदना ठाकुर, विजया पाण्डेय, शिवशंकर गुप्ता, डॉ. संध्या रानी शुक्ला, मंजूषा अग्रवाल, अर्चना श्रीवास्तव, रामचन्द्र श्रीवास्तव, डॉ. सुनीता पवार, डॉ. संजय अलंग, राकेश तिवारी, ममता खरे ‘मधु’, यशवंत कुमार चतुर्वेदी, मनोज शुक्ला, उमेश कुमार सोनी ‘नयन’, सुषमा प्रेम पटेल, राजेंद्र रायपुरी एवं जितेंद्र पांचाल सहित अनेक साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश दिया।
कार्यक्रम में डॉ. सुरेंद्र अहलूवालिया, अशोक खरे, शुभम साहू, विजया ठाकुर, एस.एन. जोशी, डॉ. चंद जैन, सतीश गुप्ता, अजय सोनी, आशा मानव, योगेंद्र ठाकुर, राहुल साहू, कल्याणी तिवारी, सूरज सोनी, लक्ष्मण सिंह राजपूत, विंदा पांचाल, रविश गुप्ता, सुरेंद्र रावल, शैलेन्द्र संघी, मंजू जैन, मन्नूलाल यदु, योगेश शर्मा ‘योगी’, एच.एस. ठाकुर, डॉ. सिद्धार्थ श्रीवास्तव, किशोर लालवानी सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।
संस्था की महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष ममता खरे ‘मधु’ ने बताया कि साहित्य सृजन संस्थान की मासिक काव्य संध्याएं साहित्यिक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक सोच और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रसार का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही हैं। कार्यक्रम का समापन सभी कवियों और अतिथियों के सम्मान तथा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।



