पीडब्ल्यूडी सचिव ने अधिकारियों व ठेकेदारों की बैठक लेकर राष्ट्रीय राजमार्गों के कार्यों की समीक्षा की
36garhnewsupdate.com

भारतमाला परियोजना के दो राष्ट्रीय राजमार्गों के काम मार्च-2027 तक होंगे पूरे
रायपुर, 24 जून 2026
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की बैठक लेकर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। रायपुर के पेंशनबाड़ा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने ठेकेदारों को निर्माणाधीन सड़कों पर वैकल्पिक अथवा डायवर्टेड मार्ग बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के दौरान आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में केशकाल घाटी बायपास सड़क के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही इस मार्ग पर प्रस्तावित दो बड़े पुलों का निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू करने कहा गया। समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी अभिजीत कुमार तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के क्षेत्रीय अधिकारी आलोक कुमार उपस्थित रहे।
एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी आलोक कुमार ने बैठक में बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे और दुर्ग-आरंग बायपास मार्ग का काम मार्च 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। भारतमाला परियोजना के तहत ही रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण कार्य भी तेज गति से चल रहा है।
पीडब्ल्यूडी सचिव मुकेश कुमार बंसल ने छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली भारतमाला परियोजना की सड़कों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए राज्य की सड़कों को इन मार्गों से जोड़ने हेतु टू-लेन और फोर-लेन सड़कों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन इकोनॉमिक कॉरिडोर्स के शुरू होने से राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। माल परिवहन और यात्री आवागमन की दृष्टि से ये सड़कें बेहद महत्वपूर्ण साबित होंगी।

बैठक में रायपुर के तेलीबांधा चौक, उद्योग भवन चौक और सरोना चौक में एनएचएआई द्वारा प्रस्तावित फ्लाईओवरों की स्वीकृति की प्रगति की भी जानकारी ली गई। सचिव ने अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित भूमि अधिग्रहण और वन-व्यपवर्तन के लंबित मामलों की जानकारी समय पर उच्च कार्यालयों को भेजने के निर्देश दिए, ताकि उनका शीघ्र निराकरण किया जा सके।
मुकेश कुमार बंसल ने राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण के दौरान ब्लैक स्पॉट्स को खत्म करने और सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों पर गति अवरोधकों का निर्माण भी निर्धारित मानकों के अनुरूप करने कहा। अधिकारियों को लगातार फील्ड में जाकर कार्यों का बारीकी से निरीक्षण करने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और तय समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप, अधीक्षण अभियंता एस.एस. माझी सहित पांचों राष्ट्रीय राजमार्ग संभागों के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
ठेकेदारों की बैठक लेकर समस्याओं की ली जानकारी
पीडब्ल्यूडी सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण कर रहे ठेकेदारों की अलग से बैठक लेकर कार्यस्थलों पर आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अनुबंध के अनुसार निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने तथा गुणवत्ता और समय-सीमा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण से राज्य की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है। इसलिए निर्माण कार्यों में लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। सभी कार्य निर्धारित समयावधि में बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।



