Balodabazar-bhataparaCHHATTISGARH

सोनाखान क्षेत्र की उपेक्षा दुर्भाग्यपूर्ण, सोना भंडार क्षेत्र को मिले DMF का लाभ: युधिष्ठिर नायक

36garhnewsupdate.com

सोनाखान/बलौदाबाजार, छत्तीसगढ़। 23 जून 2026

सोनाखान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने वनांचल क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए जिला खनिज न्यास (DMF) निधि के उपयोग संबंधी वर्तमान व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध होने के बावजूद सोनाखान क्षेत्र को DMF का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है, जो क्षेत्रवासियों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।

युधिष्ठिर नायक ने बताया कि हाल ही में समाचार माध्यमों से जानकारी मिली है कि सोनाखान क्षेत्र के बाघमाड़ा गांव में वेदांता कंपनी द्वारा सोना खनिज की परीक्षणात्मक खुदाई (एक्सप्लोरेशन) का कार्य किया जा रहा है। प्रारंभिक आकलनों के अनुसार यहां देश के बड़े स्वर्ण भंडारों में शामिल संभावित सोना भंडार होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र और प्रदेश दोनों के लिए गौरव का विषय है तथा भविष्य में इससे शासन को भी आर्थिक लाभ प्राप्त हो सकता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में खनिज न्यास निधि का लाभ सीमित क्षेत्रों तक केंद्रित होने के कारण सोनाखान जैसे वनांचल और खनन प्रभावित क्षेत्रों को विकास योजनाओं का पर्याप्त लाभ नहीं मिल रहा है। जबकि परीक्षणात्मक खनन गतिविधियों के चलते क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही हो रही है तथा बाहरी इंजीनियर, ऑपरेटर और श्रमिक भी कार्यरत हैं। इसके बावजूद स्थानीय क्षेत्र को विकास के लिए कोई विशेष सुविधा या लाभ नहीं मिलना चिंता का विषय है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की है कि प्रस्तावित खदान क्षेत्र के आसपास के प्रभावित गांवों को DMF के दायरे में शामिल किया जाए तथा खदान से प्रभावित लगभग 10 किलोमीटर क्षेत्र में खनिज न्यास निधि से विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। उनका कहना है कि इससे सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी।

युधिष्ठिर नायक ने बताया कि इस विषय को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों में भी चिंता व्याप्त है और विभिन्न स्थानों पर बैठकें आयोजित कर जनसमर्थन जुटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांगों को शासन तक पहुंचाने के लिए विधायक बिलाईगढ़, कलेक्टर बलौदाबाजार तथा मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया गया है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन-प्रशासन स्थानीय जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सोनाखान क्षेत्र को खनिज न्यास निधि का लाभ उपलब्ध कराने के संबंध में सकारात्मक निर्णय लेगा, जिससे वनांचल क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिल सके।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest