CHHATTISGARHRaigarh

प्रदेश का सबसे मॉडल शहर बनेगा रायगढ़: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

36garhnewsupdate.com

मरीन ड्राइव, आईएसबीटी, ऑक्सीजोन सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का किया निरीक्षण…

रायगढ़, छत्तीसगढ़।  22 जून 2026

प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने सोमवार को नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने निर्माणाधीन मरीन ड्राइव, अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी), एफसीआई ऑक्सीजोन, मिट्ठूमुड़ा तालाब, किसान राइस मिल ऑक्सीजोन तथा कयाघाट पुल सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थल पर पहुंचकर अवलोकन किया। इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी उपस्थित रहे।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ को प्रदेश के सबसे आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं सुविधासंपन्न शहरों में शामिल करना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि सड़क, परिवहन, पर्यावरण, जल संरक्षण और शहरी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं पूर्ण होने के बाद रायगढ़ विकास के नए मानक स्थापित करेगा तथा प्रदेश के लिए मॉडल शहर के रूप में पहचान बनाएगा।

✒️ नवंबर तक पूर्ण होगा मरीन ड्राइव निर्माण

प्रगति नगर स्थित निर्माणाधीन मरीन ड्राइव का निरीक्षण करते हुए वित्त मंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य बॉक्स कल्वर्ट एवं डायवर्सन निर्माण कार्य समय पर पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त किया तथा संबंधित एजेंसियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मरीन ड्राइव केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि रायगढ़ की नई पहचान बनने जा रही है। इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी, यातायात व्यवस्था सुगम होगी तथा नागरिकों को आकर्षक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा। उन्होंने अधिकारियों को आगामी नवंबर माह तक परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए।

✒️ अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया आईएसबीटी

शहर के बहुप्रतीक्षित अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) का निरीक्षण करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि यह परियोजना आगामी 40 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित की जा रही है। आईएसबीटी में एक साथ 30 बसों के संचालन की सुविधा होगी, जबकि अतिरिक्त 40 बसों के लिए पार्किंग एवं आरक्षित स्थान उपलब्ध रहेगा।

यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय विकसित किया जा रहा है, जहां लगभग 550 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा बसों के रख-रखाव एवं मरम्मत के लिए अलग से वर्कशॉप क्षेत्र भी तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह बस टर्मिनल रायगढ़ को प्रदेश एवं देश के अन्य शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।

✒️ सात एकड़ में विकसित होगा भव्य ऑक्सीजोन

निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने एफसीआई परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन प्रोजेक्ट का भी अवलोकन किया। लगभग सात एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस हरित परिसर को उन्होंने रायगढ़ के पर्यावरणीय भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों की सुविधा के लिए दो प्रवेश द्वार विकसित करने के निर्देश दिए।

श्री चौधरी ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच हरित क्षेत्रों का विकास समय की आवश्यकता है। यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि रायगढ़ में विकास और पर्यावरण संरक्षण को समान प्राथमिकता दी जा रही है, जिसके तहत आधारभूत संरचना के साथ-साथ हरित परियोजनाओं पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

इस अवसर पर श्री सुभाष पाण्डेय, श्री मुकेश जैन, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, स्थानीय पार्षद, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest