CHHATTISGARHraipur

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने किया राष्ट्रीय राजमार्ग एवं रतनपुर बायपास का निरीक्षण

36garhnewsupdate.com

गुणवत्ता में कमी पर सख्त रुख, खामियां दूर कर दोबारा निर्माण के निर्देश…

रायपुर, छत्तीसगढ़। 17 जून 2026

लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बुधवार को बिलासपुर जिले में निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए तथा जहां-जहां कमियां पाई गईं, वहां सुधार कर निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य दोबारा कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्ग डिवीजन द्वारा रतनपुर से कबीर चौरा तक निर्माणाधीन 97 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना का अवलोकन किया। लगभग 510 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रही यह सड़क परियोजना क्षेत्र की महत्वपूर्ण अधोसंरचना योजनाओं में शामिल है। परियोजना पूर्ण होने के बाद बिलासपुर, रतनपुर, कोटा, पेंड्रा एवं गौरेला क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। साथ ही व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

सचिव श्री बंसल ने परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन करीब 7 किलोमीटर लंबे रतनपुर बायपास का भी निरीक्षण किया। यह बायपास रतनपुर नगर में भारी वाहनों के दबाव को कम करने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को घटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बायपास के शुरू होने से लंबी दूरी के वाहनों को नगर क्षेत्र में प्रवेश किए बिना आवागमन की सुविधा मिलेगी, जिससे यात्रा समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर निर्माण गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर सचिव ने संबंधित ठेकेदार को तत्काल आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण होने तक संबंधित भुगतान रोका जाए।

मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर भू-अर्जन से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि परियोजना का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सड़क परियोजनाएं क्षेत्रीय विकास और आम जनता की सुविधाओं से सीधे जुड़ी होती हैं। इसलिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि नागरिकों को बेहतर एवं सुरक्षित सड़क सुविधाओं का लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के ईएनसी वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे, मुख्य अभियंता (राष्ट्रीय राजमार्ग) ज्ञानेश्वर कश्यप, मुख्य अभियंता (ईएंडएम) जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता के.पी. संत, एन.के. लाल सहित विभागीय अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest