Balodabazar-bhataparaCHHATTISGARHnews

बनसाकरा में प्राकृतिक नहर पर पाइप डालकर प्लॉटिंग का आरोप, किसानों ने की कार्रवाई की मांग

36garhnewsupdate.com

पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा को सौंपा ज्ञापन, एसडीएम ने तीन दिन में जांच का दिया आश्वासन…

बलौदाबाजार, छत्तीसगढ़। 12 जून 2026

जिले के सिमगा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बनसाकरा में प्राकृतिक नहर-नाली के जल प्रवाह को प्रभावित किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों एवं किसानों ने आरोप लगाया है कि बड़े पुल के पास स्थित प्राकृतिक नहर पर एक निजी एजेंसी द्वारा पाइप डालकर प्लॉटिंग का कार्य किया जा रहा है, जिससे बरसात के दौरान जल निकासी बाधित होने और कृषि भूमि में जलभराव की आशंका बढ़ गई है।

किसानों का कहना है कि यदि नहर का प्राकृतिक प्रवाह प्रभावित हुआ तो वर्षा ऋतु में खेतों में पानी भरने से फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। इसी चिंता को लेकर ग्राम के किसानों और पंचगणों ने पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए मामले में हस्तक्षेप की मांग की।

शिकायत प्राप्त होने पर शिवरतन शर्मा ने तत्काल अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिमगा अतुल शेट्टे से दूरभाष पर चर्चा कर मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। इसके बाद एसडीएम ने किसानों का आवेदन स्वीकार करते हुए संबंधित स्थल का निरीक्षण कराने तथा मामले की जांच तीन दिनों के भीतर पूर्ण करने का आश्वासन दिया। साथ ही जांच में अनियमितता पाए जाने पर अवैध रूप से डाली गई पाइपलाइन हटाने की कार्रवाई किए जाने की बात कही।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था को सुरक्षित रखा जाए, ताकि किसानों की कृषि भूमि और फसलें किसी प्रकार की क्षति से बच सकें।

इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री योगेश राहुल साहू, पूर्व सरपंच अभिषेक साहू, उपसरपंच डीके चौहान, विनोद वर्मा, महेश नायक, मीणा राम साहू, नरेश साहू, पुरुषोत्तम नायक, विजय साहू, अशोक साहू, अगेश जांगड़े, टीकम नायक, दशरथ साहू, सनत साहू, झरिराम साहू, नवरतन नायक, प्रेमलाल रजक, फट्टे लाल साहू, राधे वर्मा, खुमान यादव, संतोषी साहू, हिरोंदी वर्मा, कौशिल्या साहू, दशमत साहू सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

नोट: समाचार में उल्लिखित आरोप ग्रामीणों एवं किसानों द्वारा प्रशासन को दिए गए आवेदन और उनके कथनों पर आधारित हैं। मामले की वास्तविक स्थिति प्रशासनिक जांच के बाद ही

स्पष्ट होगी।

 

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest