वर्षा ऋतु और संभावित बाढ़ से निपटने नगर निगम की तैयारी, 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित
36garhnewsupdate.com

जलभराव और आपदा प्रबंधन के लिए अधिकारियों की तैनाती, नागरिकों के लिए हेल्पलाइन जारी…
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। 11 जून 2026
आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की परिस्थितियों को देखते हुए नगर निगम बिलासपुर ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर में जलभराव, जल निकासी अवरोध एवं अन्य वर्षाकालीन समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए निगम द्वारा विकास भवन में बाढ़ नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है, जो वर्षा ऋतु के दौरान 24 घंटे संचालित रहेगा।
नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर स्थापित इस कंट्रोल रूम का उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इसके लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अलग-अलग पालियों में ड्यूटी निर्धारित की गई है, ताकि किसी भी समय प्राप्त सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन कार्यों के लिए अपर आयुक्त खजांची कुम्हार एवं मुख्य अभियंता राज कुमार मिश्रा को संयुक्त रूप से नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं अधीक्षण अभियंता एस.पी. साहू को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नागरिकों की सुविधा के लिए निगम प्रशासन ने बाढ़ नियंत्रण कक्ष का हेल्पलाइन नंबर 07752-471224 जारी किया है। शहर के किसी भी क्षेत्र में जलभराव, नालियों के अवरुद्ध होने, जल निकासी में बाधा अथवा अन्य वर्षाकालीन समस्याओं की सूचना इस नंबर पर दी जा सकती है।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि मानसून के दौरान शहर के संवेदनशील और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मैदानी अमले को सक्रिय कर दिया गया है तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नालियों एवं जल निकासी मार्गों में कचरा न डालें तथा किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर जन-धन की हानि को रोका जा सके।
नगर निगम की यह पहल वर्षा ऋतु के दौरान नागरिकों को राहत प्रदान करने, आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने तथा शहरी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




