गांजा तस्करी मामले में नया खुलासा: नगर सैनिक गिरफ्तार, धमतरी पुलिस ने नेटवर्क की जांच तेज की
36garhnewsupdate.com

संवाददाता : गोविंदा सेन
धमतरी, छत्तीसगढ़। 10 जून 2026
जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना मगरलोड में दर्ज गांजा तस्करी प्रकरण की विवेचना के दौरान मामले में एक नगर सैनिक की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मगरलोड में 14 अप्रैल 2026 को अपराध क्रमांक 63/2026 के तहत धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया था। इस मामले में पूर्व में 1.660 किलोग्राम अवैध गांजा, नगद राशि और मोबाइल फोन सहित कुल 89 हजार 930 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर दो आरोपियों—पति-पत्नी लाभाराम कुर्रे और सुशीला बाई कुर्रे, निवासी ग्राम मोहेरा—को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
प्रकरण की गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं तथा अन्य संकलित प्रमाणों के विश्लेषण के दौरान मामले में एक और आरोपी की भूमिका उजागर हुई। जांच में सामने आया कि नगर सैनिक महेश सिन्हा अवैध गांजा कारोबार से जुड़ी गतिविधियों में संलिप्त था तथा उसकी भूमिका सक्रिय रूप से सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान प्रकरण से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने पर पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
✒️ गिरफ्तार आरोपी…
महेश सिन्हा (40 वर्ष)
पिता – स्व. रिकीराम सिन्हा
निवासी – ग्राम पाहंदा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी (छत्तीसगढ़)
धमतरी पुलिस का कहना है कि इस मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और नेटवर्क की कड़ियों की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले छह सप्ताह के दौरान धमतरी पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध सात से अधिक प्रभावी कार्रवाई की जा चुकी हैं। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जिले में सक्रिय नशा तस्करों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है तथा नशे के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने के प्रयास जारी हैं।




