CHHATTISGARHnewsraipur

अंतर्राष्ट्रीय समपार फाटक दिवस पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का सघन जागरूकता अभियान

36garhnewsupdate.com

रायपुर, छत्तीसगढ़। 08 जून 2026

अंतर्राष्ट्रीय समपार (फाटक) जागरूकता दिवस के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल के संरक्षा विभाग द्वारा 06 जून से 12 जून 2026 तक विशेष समपार फाटक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को रेलवे समपार फाटकों पर सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करना है।

अभियान के प्रथम दिन 06 जून को संरक्षा अधिकारियों, संरक्षा सलाहकारों, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों (सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स) एवं स्काउट-गाइड के सहयोग से विभिन्न समपार फाटकों और रेलवे स्टेशनों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान खमतराई फाटक (समपार फाटक-417), उरकुरा पश्चिम फाटक (415), धरसीवा गेट (405), तारसर गेट (406), तिल्दा पश्चिम गेट (398), पौबारा गेट (डीडी-15), रिसामा यार्ड गेट (डीडी-19) तथा रिगनी गेट (डीडी-33) सहित कई स्थानों पर लोगों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त तिल्दा, सिलियारी, पौवारा, रिसामा, गुंडरदेही एवं बिल्हा रेलवे स्टेशनों तथा आसपास के बाजार क्षेत्रों में पाम्पलेट वितरण, स्टीकर चिपकाने और बैनर प्रदर्शित कर नागरिकों को समपार फाटक बंद होने की स्थिति में उसे पार न करने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान लगभग 650 लोगों की काउंसिलिंग कर उन्हें रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

रायपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर ऑडियो संदेशों के माध्यम से भी यात्रियों और आमजन को समपार फाटक सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर संरक्षा विभाग, संरक्षा सलाहकारों एवं नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने स्लोगन, माइक प्रचार और पाम्पलेट वितरण के माध्यम से राहगीरों को जागरूक किया। इस दौरान लोगों को समपार फाटक पार करते समय वाहन की गति धीमी रखने, सिग्नल हरा होने पर ही आगे बढ़ने, फाटक बंद होने पर उसके खुलने तक प्रतीक्षा करने तथा फाटक पार करते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने की सलाह दी गई।

रेलवे प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समपार फाटकों पर सुरक्षा नियमों का पालन करें और स्वयं तथा अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग दें।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest