लिटिल सीड्स चाइल्ड डेवलपमेंट सेंटर का वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न, विशेष बच्चों ने प्रस्तुत की प्रतिभा की शानदार झलक
36garhnewsupdate.com


रायपुर, छत्तीसगढ़। 03 जून 2026
रायपुर स्थित लिटिल सीड्स चाइल्ड डेवलपमेंट सेंटर का वार्षिक उत्सव उत्साह, उमंग और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। विशेष बच्चों के समग्र विकास और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमुदाय का दिल जीत लिया।
गौरतलब है कि लिटिल सीड्स संस्थान पिछले 14 वर्षों से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की थेरेपी एवं विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। संस्थान द्वारा प्रत्येक वर्ष ऐसे आयोजन कर बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का अवसर प्रदान किया जाता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. रमन, डॉ. शिल्पा एवं पंडित शौर्य तिवारी ने बच्चों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर लिटिल सीड्स संस्थान के डायरेक्टर डॉ. अमित बरुआ ने अपनी टीम की ओर से सभी बच्चों, अभिभावकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों को समाज में समान अवसर और सम्मान दिलाने के लिए सामूहिक संवेदनशीलता एवं सहयोग की आवश्यकता है। ऐसे कार्यक्रम न केवल बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में समावेशिता और सकारात्मक सोच को भी मजबूत करते हैं।
वार्षिक उत्सव के माध्यम से संस्थान ने विशेष बच्चों की क्षमताओं को समाज के सामने प्रस्तुत करते हुए उनके अधिकारों, सम्मान और समान भागीदारी के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



