Balodabazar-bhataparaCHHATTISGARH

वन्यजीव हमलों से बढ़ी दहशत, वन विभाग की उदासीनता के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

36garhnewsupdate.com

बलौदाबाजार, छत्तीसगढ़। 02 जून 2026

बलौदाबाजार जिले के वनांचल क्षेत्र सोनाखान सहित बार नवापारा, कोठारी, देवपुर, अर्जुनी और आसपास के ग्रामीण इलाकों में जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद वन विभाग द्वारा प्रभावी और स्थायी समाधान नहीं किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि क्षेत्र के ग्रामीण आए दिन जंगली जानवरों के हमलों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग की लापरवाही के कारण आमजन की जान-माल की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में दोन्द निवासी जरहू राम की हाथी के हमले में मृत्यु हो गई, जबकि गजराडीह निवासी देवेंद्र साहू की वन भैंसा के हमले से जान चली गई। वहीं मुरुमडीह निवासी पंच बाई गोंड गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है। इसके अलावा भी क्षेत्र में वन्यजीवों के हमलों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

युधिष्ठिर नायक ने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद शासन-प्रशासन और वन विभाग द्वारा कोई ठोस एवं स्थायी कदम नहीं उठाया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में दहशत और असंतोष का वातावरण है। उन्होंने मांग की कि वन्यजीवों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए व्यापक कार्ययोजना बनाई जाए।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान अपने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने बताया कि गिधौरी, टुंडरा, गिरौदपुरी, सोनाखान, नवागांव, बार, बया, थरगांव और राजादेवरी सहित विभिन्न क्षेत्रों के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण आंदोलन में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन क्षेत्रवासियों की सुरक्षा और वन विभाग की जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जाएगा।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest