मोर गांव, मोर तरिया अभियान से संवर रहे गांव, जल संरक्षण को मिल रही नई ताकत
36garhnewsupdate.com

38 नवीन तरिया निर्माण कार्यों में तेजी, मानसून पूर्व पूर्णता पर प्रशासन का विशेष फोकस…
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। 31 मई 2026
जल संरक्षण एवं संवर्धन को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए बिलासपुर जिले में “मोर गांव, मोर तरिया” अभियान के तहत व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पंचायत मस्तूरी अंतर्गत ग्राम पंचायत बोहारडीह में नवीन तरिया निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। मानसून पूर्व कार्य पूर्ण करने के उद्देश्य से विशेष कार्ययोजना के तहत निर्माण गतिविधियों में गति लाई गई है, जिससे वर्षा जल का अधिकतम संचयन सुनिश्चित किया जा सके।
जिले में अभियान के अंतर्गत 38 नवीन तरिया निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। सभी स्वीकृत स्थलों पर निर्माण कार्य युद्धस्तर पर संचालित किए जा रहे हैं, ताकि आगामी वर्षाकाल में जल संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था विकसित हो सके। इन जल संरचनाओं के निर्माण से भू-जल स्तर में वृद्धि होगी, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा तथा पशुओं के लिए भी वर्षभर जल उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट की समस्या के समाधान में भी यह पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे एक ओर गांवों में स्थायी एवं उपयोगी परिसंपत्तियों का निर्माण हो रहा है, वहीं दूसरी ओर श्रमिकों की आय में वृद्धि होने से उनकी आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ हो रही है। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा नियमित मॉनिटरिंग एवं निरीक्षण किया जा रहा है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। “मोर गांव, मोर तरिया” अभियान के माध्यम से जल संरचनाओं का विस्तार कर ग्रामीण क्षेत्रों में जल सुरक्षा को मजबूत किया जा रहा है। यह पहल न केवल प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि आने वाले वर्षों में ग्रामीण विकास, कृषि उत्पादन और पर्यावरण संरक्षण की मजबूत आधारशिला भी बनेगी।




