BILASPURCHHATTISGARHCRIMEnews

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर सख्ती: किसानों के हित में खाद की कालाबाजारी पर बड़ा प्रहार

36garhnewsupdate.com

अवैध भंडारण पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 368 बोरी उर्वरक जब्त

बिना अनुमति संचालित गोदाम सीलबंद, संबंधित संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी

बिलासपुर, छत्तीसगढ़। 31 मई 2026।

किसानों को खाद-बीज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए राज्य सरकार द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के स्पष्ट निर्देशों के अनुरूप जिले में कृषि आदानों के अवैध भंडारण और वितरण में गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश तथा उप संचालक कृषि पी.डी. हथेश्वर के मार्गदर्शन में कृषि विभाग की उड़नदस्ता टीम द्वारा जिलेभर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अब तक जिले के 91 से अधिक निजी एवं सहकारी उर्वरक विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जा चुका है।

निरीक्षण अभियान के दौरान विकासखंड बिल्हा के ग्राम सेंदरी में उर्वरक के अवैध भंडारण की सूचना मिलने पर कृषि विभाग ने तत्काल छापामार कार्रवाई की। संयुक्त जांच दल ने मेसर्स बंसल फर्टिलाइजर के सेंदरी एवं लोफंदी स्थित प्रतिष्ठानों तथा गोदामों का निरीक्षण किया। जांच में 368 बोरी उर्वरक ऐसे स्थान पर भंडारित पाए गए, जो संस्था के लाइसेंस में दर्ज अधिकृत गोदामों में शामिल नहीं था।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संस्था द्वारा आवश्यक वैधानिक अनुमति प्राप्त किए बिना अतिरिक्त किराये के स्थल पर उर्वरक का भंडारण किया जा रहा था। अधिकारियों ने मौके पर दस्तावेजों एवं लाइसेंस संबंधी अभिलेखों की जांच की, लेकिन संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उक्त उर्वरक को अवैध भंडारण की श्रेणी में मानते हुए जब्त कर सीलबंद कर दिया गया। जब्त सामग्री को संबंधित संस्था की अभिरक्षा में सौंपा गया है।

प्रारंभिक जांच में उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 की धारा-7 के उल्लंघन के संकेत मिलने पर उर्वरक निरीक्षक एवं प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी आर.एस. गौतम द्वारा संबंधित संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभागीय स्तर पर मामले की विस्तृत जांच जारी है।

कार्रवाई के दौरान सहायक संचालक कृषि शशांक शिंदे, उर्वरक निरीक्षक आर.एस. गौतम, कृषि विकास अधिकारी डी.पी. दिवाकर, शाखा प्रभारी उमेश कश्यप तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

किसानों से सतर्क रहने की अपील

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें और प्रत्येक खरीद पर पक्की रसीद अवश्य प्राप्त करें। विभाग ने किसानों को खाद की बोरी पर निर्माण तिथि, बैच नंबर, कंपनी का नाम तथा गुणवत्ता संबंधी विवरण जांचने की सलाह दी है। साथ ही खुले अथवा बिना पैकेजिंग वाले उर्वरकों की खरीद से बचने और किसी भी संदिग्ध खाद, बीज या कीटनाशक की सूचना तत्काल कृषि विभाग या ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को देने का आग्रह किया गया है।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest