CHHATTISGARHnewsraipur

लंबित राजस्व प्रकरणों और भारतमाला परियोजना के भू-अर्जन मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 19 सितंबर 2026

रायपुर संभागायुक्त श्याम धावडे की अध्यक्षता में शनिवार को कार्यालय आयुक्त, रायपुर संभाग के सभाकक्ष में लंबित राजस्व प्रकरणों तथा भारतमाला परियोजना से संबंधित भू-अर्जन प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में रायपुर संभाग के संबंधित जिलों के अपर कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), भू-अर्जन से जुड़े अधिकारी तथा भारतमाला परियोजना के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान नामांतरण, खाता विभाजन, व्यपवर्तन और सीमांकन से संबंधित लंबित राजस्व प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही सीएम हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति की भी जानकारी ली गई।

संभागायुक्त ने भारतमाला परियोजना से संबंधित भू-अर्जन प्रकरणों की भी विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान मध्यस्थम् एवं सुलह अधिनियम, 1996 के अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों में मूल अभिलेखों तथा जवाबदावा की स्थिति की जानकारी ली गई। इसके अलावा डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

संभागायुक्त ने अधिकारियों से प्रकरणवार जानकारी लेते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों के बीच आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन के निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने भारतमाला परियोजना से जुड़े भू-अर्जन प्रकरणों के निराकरण के साथ-साथ संबंधित मूल अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest