नशीली टेबलेट की अवैध बिक्री की फिराक में घूम रहा आरोपी गिरफ्तार
📡36garhnewsupdate.com

100 नग नाईट्रोसन-10 टेबलेट जब्त, कीमत करीब 40 हजार रुपये; एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और आजाद चौक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
रायपुर, 20 सितंबर 2026
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशीली टेबलेट की अवैध बिक्री के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 100 नग नाईट्रोसन-10 टेबलेट बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आजाद चौक क्षेत्र में सताक्षी मंदिर के सामने स्थित खाली प्लॉट के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धनेश संगतानी बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 100 नग नाईट्रोसन-10 नशीली टेबलेट बरामद हुईं। पुलिस द्वारा टेबलेट रखने और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी धनेश संगतानी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बरामद नशीली टेबलेट जब्त कर ली हैं। मामले में थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 224/26 के तहत धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट में अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी: धनेश संगतानी, पिता बसंत संगतानी, उम्र 22 वर्ष, निवासी सारथी चौक, थाना आजाद चौक, जिला रायपुर।



