25 लाख से अधिक दीयों से जगमगाया रायपुर, ‘आशीर्वाद का दीया’ आयोजन गोल्डन बुक में दर्ज
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर 18/9/2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में प्रदेशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में रायपुरवासियों ने 25 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए। जनभागीदारी के इस आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर नागरिकों के साथ दीप जलाए और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा अमर शहीद भगत सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनका स्मरण किया।

मरीन ड्राइव में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर प्रयास सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सार्वजनिक सेवा की 25 वर्षों की यात्रा सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा और जनभागीदारी के संकल्प से जुड़ने का अवसर है। इसी भावना के साथ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’ आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किए जाने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए रायपुरवासियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों और जिला प्रशासन की टीम को बधाई दी।
‘प्रोजेक्ट अक्षरा’ का भी शुभारंभ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘प्रोजेक्ट अक्षरा’ का शुभारंभ भी किया। इसके माध्यम से बच्चों और युवाओं को स्क्रीन टाइम कम करने तथा पुस्तकों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



