करोड़ों की ठगी मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के दो और आरोपी गिरफ्तार
📡36garhnewsupdate.com


वॉश एंड वॉश/ब्लैक करेंसी स्कैम में अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार, 4 करोड़ से अधिक की नगदी सहित मोबाइल और अन्य सामग्री जब्त
रायपुर, 20 सितंबर 2026
रायपुर के थाना तेलीबांधा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की ठगी से जुड़े वॉश एंड वॉश/ब्लैक करेंसी स्कैम मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पूर्व में 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। इन दो गिरफ्तारियों के बाद अब तक कुल 11 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।
मामला थाना तेलीबांधा के अपराध क्रमांक 330/26 के तहत धारा 318(4), 61(2) बीएनएस में दर्ज है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम लगातार आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, पूर्व में गिरफ्तार 9 आरोपियों से पूछताछ के साथ उनके कब्जे से जब्त मोबाइल फोन और डिजिटल सामग्री का तकनीकी विश्लेषण किया गया। इसी दौरान मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों और उनके आपसी संपर्कों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई।
तकनीकी जांच और पूछताछ से प्राप्त तथ्यों के आधार पर रामायण सिंह उर्फ अभिषेक सिंह और दीपक सिंह की प्रकरण में संलिप्तता से संबंधित जानकारी पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर लगातार निगरानी की और तकनीकी माध्यम से उन्हें लोकेट कर गिरफ्तार किया।
इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपियों के कब्जे से 4 करोड़ रुपये से अधिक नगद, 20 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, नोट के आकार के काले पेपर, कांच की प्लेट्स, महत्वपूर्ण दस्तावेज सहित अन्य सामग्री जब्त कर चुकी है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4 करोड़ 2 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी
रामायण सिंह उर्फ अभिषेक सिंह, पिता नंदकिशोर सिंह, उम्र 39 वर्ष, निवासी 106 जे-04, रुस्तमजी ग्लोबल सिटी, थाना विरार वेस्ट, जिला पालघर, मुंबई।
दीपक सिंह, पिता वीरेन्द्र सिंह, उम्र 46 वर्ष, निवासी 002 डी विंग, रोज गार्डन बिल्डिंग, मीरा रोड, थाना काशीमीरा, जिला पालघर, मुंबई।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार दोनों आरोपियों से मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों, संपर्कों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।



