ऑटो में छूटा सोने के जेवरात और ₹9 हजार से भरा बैग यातायात पुलिस ने ढूंढकर महिला को लौटाया
📡36garhnewsupdate.com


CCTV फुटेज और “जय महाकाल” लिखे ऑटो के सहारे दो दिन की तलाश के बाद चालक तक पहुंची पुलिस
रायपुर, 20 सितंबर 2026
रायपुर यातायात पुलिस ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए ऑटो में छूटे महिला के कीमती सामान से भरे बैग को सुरक्षित बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिया। बैग में ₹9,000 नकद, सोने के कान की खूंटी सहित अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को सरला देवी ने यातायात थाना पचपेड़ीनाका पहुंचकर बताया कि वह घड़ी चौक से ऑटो में सवार होकर पचपेड़ीनाका पहुंची थीं। ऑटो से उतरते समय उनका बैग उसी में छूट गया। बैग में नकदी, सोने के जेवरात और अन्य व्यक्तिगत सामान मौजूद था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए यातायात थाना पचपेड़ीनाका प्रभारी निरीक्षक गोविंद यादव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। फुटेज में ऑटो तो दिखाई दिया, लेकिन उसका नंबर स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस ने फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया तो ऑटो के सामने “जय महाकाल” लिखा दिखाई दिया।
इसी सुराग के आधार पर यातायात पुलिस ने लगातार दो दिनों तक शहर के विभिन्न ऑटो स्टैंड और मार्गों पर पतासाजी की। 19 सितंबर को पुलिस ने उक्त ऑटो और उसके चालक राजा शर्मा की पहचान कर उसे यातायात थाना पचपेड़ीनाका बुलाया।
चालक ने बैग उसके पास सुरक्षित होने की जानकारी दी। इसके बाद थाने में प्रार्थिया की मौजूदगी में बैग खोला गया। सरला देवी ने बैग में रखे सोने के जेवरात, ₹9,000 नकद और अन्य सामान का मिलान किया, जो सभी सुरक्षित और सही-सलामत मिले।
अपना सामान वापस मिलने पर प्रार्थिया ने रायपुर पुलिस और यातायात पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक गोविंद यादव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आरक्षक 2418 रज्जाक खान, यातायात थाना पचपेड़ीनाका की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।



