CHHATTISGARHLorminewsraipur

लोरमी में हजारों बहनों के साथ उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मनाया तीजा तिहार

📡36garhnewsupdate.com

लोरमी, 20 सितंबर 2026

स्थानीय विधायक एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को लोरमी के मानस मंच में आयोजित तीजा तिहार कार्यक्रम में क्षेत्र की हजारों माताओं और बहनों के साथ पारंपरिक पर्व मनाया। कार्यक्रम में भाई-बहन के स्नेह, पारिवारिक जुड़ाव और छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महादेव की पूजा-अर्चना से हुई। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सपत्नीक क्षेत्र की बहनों के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा की और सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस दौरान अरुण साव ने उपस्थित माताओं-बहनों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि तीजा छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और पारिवारिक रिश्तों से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर महिलाएं अपने पति की दीर्घायु और परिवार की खुशहाली की कामना करती हैं। मायके पहुंचकर भाई-बहनों और बचपन की सहेलियों से मिलने का अवसर भी उन्हें मिलता है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि तीजा तिहार आपसी प्रेम, अपनापन और पारिवारिक जुड़ाव का पर्व है। उन्होंने क्षेत्र की सभी बहनों के घर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए तीजा तिहार की शुभकामनाएं दीं।

लोकगीतों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया। प्रदेश की लोकगायिका गरिमा दिवाकर, स्वर्णा दिवाकर और उनकी अंजोर टीम ने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की प्रस्तुति दी।

‘तीजा पोरा आगे, भाग हमर खुलगे’ सहित विभिन्न लोकगीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया। वहीं, ‘हमर अरुण भैया हा दिलदार हैवे ना, बहिनी मन ले ओला मया-दुलार हैवे ना’ गीत की प्रस्तुति पर मानस मंच तालियों से गूंज उठा।

आयोजन में छत्तीसगढ़ की लोकपरंपरा, संस्कृति और भाई-बहन के स्नेह का रंग देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest