CHHATTISGARHnewsraipurअभनपुर

690 मीटर के गौरव पथ ने बदली अभनपुर की राह, 20 हजार लोगों को मिली राहत

📡36garhnewsupdate.com

उरला चौक से एसडीएम कार्यालय तक सीधी कनेक्टिविटी से अंदरूनी सड़कों पर घटा यातायात दबाव

रायपुर, 20 सितंबर 2026

अभनपुर में उरला चौक से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय तक निर्मित 690 मीटर लंबे गौरव पथ ने क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और आवागमन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस मार्ग से करीब 20 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलने की जानकारी जिला प्रशासन ने दी है।

राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के बायपास निर्माण के बाद अभनपुर के प्रमुख प्रशासनिक एवं सार्वजनिक परिसरों तक बेहतर कनेक्टिविटी की आवश्यकता सामने आई थी। एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, उप-पंजीयक कार्यालय, विद्युत विभाग, विश्राम गृह, ब्लॉक कॉलोनी और साप्ताहिक हाट-बाजार तक पहुंचने के लिए लोगों को पहले शहर के अंदरूनी और संकरे मार्गों से होकर गुजरना पड़ता था।

गौरव पथ के निर्माण से उरला चौक से प्रशासनिक क्षेत्र तक सीधा मार्ग उपलब्ध हुआ है। इससे शहर की आंतरिक सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हुआ है और यातायात एवं जाम की समस्या में कमी आने की बात सामने आई है।

पुल-पुलियों से बरसात में भी आवागमन हुआ सुगम

बाजार क्षेत्र तक पहले एक कच्चा वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध था, जो बारिश के दौरान जलभराव के कारण प्रभावित हो जाता था। गौरव पथ के साथ पुल-पुलियों के निर्माण से जल निकासी और मार्ग अवरुद्ध होने की समस्या को दूर करने में मदद मिली है। इसके चलते ब्लॉक कॉलोनी, विश्राम गृह और साप्ताहिक हाट-बाजार तक सालभर आवागमन सुगम हुआ है।

स्थानीय व्यापार को भी मिला लाभ

बेहतर सड़क संपर्क का असर स्थानीय व्यावसायिक गतिविधियों पर भी पड़ा है। बाजार और हाट-बाजार तक लोगों की पहुंच आसान होने से व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आने की जानकारी दी गई है।

690 मीटर लंबा यह गौरव पथ अभनपुर के प्रशासनिक क्षेत्र, आवासीय इलाकों और बाजार को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग बनकर उभरा है। सड़क निर्माण से जहां आम लोगों की आवाजाही आसान हुई है, वहीं प्रशासनिक परिसरों तक पहुंच और स्थानीय यातायात व्यवस्था को भी सुगमता मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest