‘लंच विद क्रिएटर्स’ में प्रशासन और इन्फ्लुएंसर्स के बीच संवाद, रायपुर के विकास को लेकर हुई सकारात्मक चर्चा
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 16 सितंबर 2026
जिला प्रशासन रायपुर द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में ‘लंच विद क्रिएटर्स’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने सोशल मीडिया क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स के साथ संवाद किया तथा रायपुर के विकास, पर्यटन, संस्कृति और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार को लेकर चर्चा की।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि रायपुर के विकास के लिए सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने जिला प्रशासन की इस पहल को सराहनीय बताया।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने क्रिएटर्स से रायपुर के पर्यटन, सांस्कृतिक विशेषताओं, खान-पान और शहर की विशिष्ट पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिले में कोई व्यक्ति ऐसा कार्य कर रहा है, जिससे अन्य लोगों को प्रेरणा मिलती है, तो उसकी कहानी को भी सामने लाया जाना चाहिए।

कलेक्टर ने क्रिएटर्स से अपने नियमित कंटेंट के साथ महीने में एक दिन जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि क्रिएटर्स प्रशासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण माध्यम की भूमिका निभा सकते हैं। उनके माध्यम से सामने आने वाली जनसमस्याओं पर प्रशासन द्वारा कई बार तत्काल कार्रवाई की गई है। उन्होंने राजधानी के विकास को लेकर सकारात्मक सुझाव देने की भी अपील की।
अतिरिक्त कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने साइबर अपराध से बचाव के लिए जनजागरूकता को जरूरी बताते हुए कहा कि सोशल मीडिया क्रिएटर्स जागरूकता बढ़ाने में प्रशासन का सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की बात कही।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने नगर निगम के विकास कार्यों को लेकर क्रिएटर्स से सुझाव देने का आग्रह किया। वहीं जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सकारात्मक सुझाव प्रशासन के लिए उपयोगी होंगे।
कार्यक्रम में कला केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त विद्यार्थियों ने बांसुरी, माउथ ऑर्गन, कीबोर्ड और गायन की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। इस दौरान विभिन्न प्रोजेक्ट समन्वयकों ने प्रोजेक्ट आज, प्रोजेक्ट नैनो, प्रोजेक्ट जिंदगी मुस्कुराएगी और प्रोजेक्ट धड़कन सहित अन्य प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सोशल मीडिया क्रिएटर्स उपस्थित रहे।



