छत्तीसगढ़ की बालिका जूनियर बास्केटबॉल टीम ने रचा इतिहास, जीता स्वर्ण पदक
36garhnewsupdate.com

30/5/2026पुद्दुचेरी। छत्तीसगढ़ की बालिका जूनियर बास्केटबॉल
टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुद्दुचेरी में आयोजित जूनियर नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम पूरे देश में गौरवान्वित किया है। बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा पुद्दुचेरी बास्केटबॉल एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने केरल को 55-51 अंकों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ की ओर से दिव्या रंगारी ने सर्वाधिक 22 अंक अर्जित कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम की कप्तान अंजली कोडापे ने 14 अंक, रूमी कोनवर एवं अंजनी ने 7-7 अंक, अदिति कोडापे ने 3 तथा सारा सिंह ने 2 अंक जोड़े। वहीं सोफी सिका एवं नंदनी माधो प्रधान ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीम को मजबूती प्रदान की।
छत्तीसगढ़ की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल का प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल मुकाबले में टीम ने कर्नाटक को 67-62 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। वहीं क्वार्टर फाइनल में महाराष्ट्र को 56-44 अंकों से पराजित किया। उल्लेखनीय है कि लीग मुकाबलों में भी छत्तीसगढ़ ने लगातार कई वर्षों से स्वर्ण पदक जीत रही तमिलनाडु और कर्नाटक जैसी मजबूत टीमों को हराकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की ओर से दिव्या रंगारी, रूमी कोनवर, अदिति कोडापे, अंजली कोडापे, अंजनी, सोफी सिका एवं नंदनी माधो प्रधान ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश बास्केटबॉल संघ में विवाद के चलते बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा खिलाड़ियों के चयन हेतु एक एडहॉक कमेटी का गठन किया गया था। इस चयन समिति में बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया की चयन समिति के चेयरमैन शक्ति सिंह गोहिल एवं भारतीय बास्केटबॉल टीम के पूर्व कप्तान, कोच, चयनकर्ता तथा ध्यानचंद लाइफटाइम अवार्ड से सम्मानित रामकुमार शामिल थे। समिति द्वारा प्रदेश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया गया, जिसका परिणाम इस ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में सामने आया।
छत्तीसगढ़ की स्वर्ण पदक विजेता टीम में अंजली कोडापे (कप्तान), अदिति कोडापे, अंजनी, रूमी कोनवर, सोफी सिका, नंदनी माधो प्रधान (सभी सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल अकादमी, राजनांदगांव), नताशा प्रजापति (साई ट्रेनिंग सेंटर, राजनांदगांव), दिव्या रंगारी (महासमुंद), पारूल वर्मा एवं नित्या पांडे (रायपुर), तथा कलश झा एवं सारा सिंह (भिलाई) शामिल रहीं।
टीम के मुख्य कोच अंतर्राष्ट्रीय कोच कालवा राजेश्वर राव, सहायक कोच लुमेन्द्र साहू (एसईसीआर) एवं टीम मैनेजर अनिता तिर्की (सरगुजा) रहीं। उल्लेखनीय है कि सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल अकादमी, राजनांदगांव की सभी बालिकाएं दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव में अध्ययनरत हैं, जहां उन्हें निःशुल्क प्रवेश प्रदान किया गया है।
छत्तीसगढ़ की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खेल प्रेमियों एवं प्रदेशवासियों में हर्ष का माहौल है।


