बम्हनीडीह में भाजपा के पक्ष में बना मजबूत माहौल, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व में सघन प्रचार अभियान तेज
36garhnewsupdate.com

बम्हनीडीह/जांजगीर-चाम्पा, छत्तीसगढ़। 29 मई 2026
नगर पंचायत बम्हनीडीह चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में लगातार जनसमर्थन बढ़ता दिखाई दे रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व में क्षेत्र में सघन जनसंपर्क एवं प्रचार अभियान मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है। भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभाओं, डोर-टू-डोर संपर्क, सामाजिक बैठकों एवं वार्ड स्तरीय संवाद कार्यक्रमों में नागरिकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिल रही है।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी रमेश कुमार डडसेना एवं पार्षद प्रत्याशियों के पक्ष में विभिन्न वार्डों एवं मोहल्लों में पहुंचकर जनसंपर्क किया तथा नागरिकों से कमल छाप पर मतदान कर भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने की अपील की। प्रचार अभियान के दौरान नागरिकों का उत्साह और आत्मीय स्वागत भाजपा के पक्ष में मजबूत माहौल का संकेत माना जा रहा है।
इसी क्रम में वार्ड क्रमांक-2 में परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा को स्मरण करते हुए सेतखाम की पूजा-अर्चना कर नगरवासियों के सुख, समृद्धि एवं लोकमंगल की कामना की गई। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि ट्रिपल इंजन भाजपा सरकार के माध्यम से बम्हनीडीह क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य किए जाएंगे।
चुनाव प्रचार के दौरान पटेल समाज के प्रमुखों एवं सदस्यों के साथ आयोजित आत्मीय टिफिन बैठक में भी मंत्री शामिल हुए। बैठक में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के साथ विकास, सुशासन एवं जनकल्याण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। समाजजनों ने भाजपा के समर्थन में एकजुट होकर ट्रिपल इंजन सरकार को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
भाजपा के चुनावी अभियान को धार देने में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अनुराग सिंह देव की रणनीतिक भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उनके मार्गदर्शन में संगठनात्मक स्तर पर प्रचार अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
प्रचार अभियान में सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक अनुज शर्मा, भाजपा नेत्री संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव, वरिष्ठ नेता नारायण चंदेल, पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
इसी क्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री अरुण साव का भी बम्हनीडीह आगमन प्रस्तावित है। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों में उत्साह का माहौल है। उप मुख्यमंत्री भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश एवं प्रदेश में विकास और सुशासन का नया मॉडल स्थापित किया है तथा बम्हनीडीह में भी ट्रिपल इंजन सरकार के माध्यम से विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का समर्थन भाजपा के साथ है और चुनाव परिणाम पार्टी की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करेंगे।



