एनएच-49 पर यात्रियों की सुरक्षा को नई मजबूती, एनएचएआई ने शुरू की अत्याधुनिक एम्बुलेंस सेवा
36garhnewsupdate.com

रायपुर, छत्तीसगढ़। 27 मई 2026
राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों की सुरक्षा और आपातकालीन सहायता व्यवस्था को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की परियोजना कार्यान्वयन इकाई बिलासपुर ने अत्याधुनिक एम्बुलेंस सेवाओं का विस्तार किया है। यह सुविधा अब राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर बिलासपुर–रायगढ़ मार्ग स्थित पाराघाट टोल प्लाजा और केसला टोल प्लाजा में शुरू कर दी गई है।
एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार, इस आधुनिक एम्बुलेंस सेवा का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं अथवा अन्य आपात स्थितियों में यात्रियों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है। परियोजना निदेशक मुकेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले प्रत्येक यात्री की सुरक्षा एनएचएआई की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने यात्रियों से लंबी यात्रा पर निकलने से पहले वाहन की तकनीकी जांच सुनिश्चित करने तथा अपने मोबाइल में टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1033 सेव रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्घटना, वाहन खराब होने, पेड़ गिरने, मवेशियों के अचानक सड़क पर आने, मलबा पड़े होने, स्वास्थ्य आपात स्थिति, फास्टैग अथवा टोल संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में डायल 1033 तत्काल सहायता का भरोसेमंद माध्यम है।
एनएचएआई द्वारा संचालित यह हेल्पलाइन सेवा 24 घंटे सक्रिय रहती है। कंट्रोल रूम में कॉल प्राप्त होते ही संबंधित स्थान की जानकारी लेकर तत्काल एम्बुलेंस, पेट्रोलिंग वाहन या क्रेन को मौके पर रवाना किया जाता है। आवश्यकता पड़ने पर घायल व्यक्तियों को नजदीकी अस्पताल अथवा ट्रॉमा सेंटर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाती है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर शुरू की गई यह अत्याधुनिक एम्बुलेंस सेवा यात्रियों को सुरक्षित, त्वरित और भरोसेमंद सफर उपलब्ध कराने की दिशा में एनएचएआई की एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।


