CHHATTISGARHSARANGARH-BILAIGARH

जम्मू के किश्तवाड़ में दर्दनाक हादसा, सारंगढ़ के खजरी गांव की महिला मजदूर की मौत, चार गंभीर रूप से घायल

36garhnewsupdate.com

सारंगढ़/बिलाईगढ़, छत्तीसगढ़। 27 मई 2026

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में पुल निर्माण कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में सारंगढ़ क्षेत्र के ग्राम खजरी निवासी एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, सारंगढ़ के केड़ार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजरी के कई मजदूर करीब 15 दिन पहले रोजी-रोटी की तलाश में जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ गए थे। वहां वे एक निर्माणाधीन पुल परियोजना में मजदूरी का कार्य कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर लगभग 2:30 बजे निर्माण कार्य के दौरान अचानक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुल के ऊपर करीब आठ मजदूर कार्य कर रहे थे, तभी वे अचानक नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए बजरी और मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला तथा उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।

हादसे में ग्राम खजरी निवासी नरेश साहू की पत्नी देवकुमारी साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कौशल्या देवी, रवि पाटिल, मन्नूनाथ सहित चार मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार दो घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य कुछ मजदूरों को सामान्य चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही खजरी गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। परिजन लगातार घायलों की स्थिति की जानकारी लेने में जुटे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता तथा घायलों के समुचित उपचार की मांग की है।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest