जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत 118 गांवों में जनभागीदारी अभियान शुरू

36garhnewsupdate.comबिलासपुर। जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में जनजातीय गरिमा उत्सव के अंतर्गत व्यापक जनभागीदारी अभियान की शुरुआत की गई। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों के ओरियंटेशन कार्यक्रम में कहा कि यह अभियान आदिवासी समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
अभियान के तहत जिले के आदिवासी बहुल 118 गांवों की लगभग एक लाख आबादी को लाभान्वित किया जाएगा। इनमें विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के 3674 बैगा एवं बिरहोर परिवार भी शामिल हैं। 19 से 25 मई तक चलने वाले इस अभियान में पात्र लेकिन योजनाओं से वंचित हितग्राहियों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने विशेष गतिविधियां आयोजित होंगी।
अभियान के दौरान गांवों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, ग्राम संपर्क अभियान और जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 21 से 23 मई तक ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित निराकरण किया जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को सबसे गरीब, दिव्यांग और जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही कृषि, जल संरक्षण और आजीविका संवर्धन पर भी विशेष फोकस किया जाएगा। किसानों को मिनी किट एवं कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराने, डबरी निर्माण और जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।


