31 मई तक पूरा होगा शेष धान उठाव, राशन वितरण व्यवस्था दुरुस्त करने खाद्य मंत्री के निर्देश


36garhnewsupdate.comरायपुर, 17 मई 2026। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने आज मंत्रालय महानदी भवन में विभागीय योजनाओं, धान उठाव, कस्टम मिलिंग तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के निराकरण, उपार्जन एवं संग्रहण केंद्रों से धान उठाव, कस्टम मिलिंग तथा एफसीआई एवं नागरिक आपूर्ति निगम में चावल जमा करने की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
खाद्य मंत्री श्री बघेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपार्जन एवं संग्रहण केंद्रों में शेष धान का उठाव 31 मई 2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कस्टम मिलिंग के पश्चात चावल जमा करने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया।
बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत अप्रैल, मई एवं जून 2026 के लिए तीन माह के एकमुश्त चावल भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। मंत्री श्री बघेल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित समयावधि में राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
समीक्षा बैठक में खाद्य संचालनालय, जिला कार्यालयों, नागरिक आपूर्ति निगम, राज्य भंडार गृह निगम तथा छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया की स्थिति की भी जानकारी ली गई। मंत्री श्री बघेल ने आवश्यक पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
राज्य की खाद्यान्न भंडारण क्षमता की समीक्षा करते हुए मंत्री श्री बघेल ने छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम द्वारा निर्माणाधीन गोदामों को तय समय-सीमा में पूर्ण कर उपयोग में लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में विधिक माप विज्ञान विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
खाद्य मंत्री ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत खाद्यान्न वितरण, पूरक पोषण आहार एवं मध्यान्ह भोजन योजनाओं से संबंधित लंबित कमीशन राशि का भुगतान शीघ्र करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
बैठक में खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले, खाद्य संचालक डॉ. फरिहा आलम, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ के प्रबंध संचालक जितेंद्र शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


