सुशासन तिहार बना खुशियों की सौगात, सावित्री नाग और मोनिका यादव का पक्का मकान का सपना हुआ साकार

36garhnewsupdate.comकोंडागांव, 17 मई 2026। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार ग्रामीण परिवारों के लिए खुशियों की सौगात बनकर सामने आया। जिले के ग्राम अड़ेंगा में आयोजित शिविर के दौरान ग्राम एटेकोन्हाड़ी निवासी श्रीमती सावित्री नाग एवं श्रीमती मोनिका यादव को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्मित पक्के मकान की चाबी प्रदान की गई। अपने नए आशियाने की चाबी पाकर दोनों हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
श्रीमती सावित्री नाग ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से कच्चे मकान में रह रहा था। विशेष रूप से बारिश के दिनों में घर की स्थिति अत्यंत खराब हो जाती थी, जिससे परिवार को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि अब पक्का मकान मिलने से परिवार को सुरक्षित आवास के साथ बेहतर जीवन की सुविधा प्राप्त हुई है।
वहीं श्रीमती मोनिका यादव ने कहा कि वर्षों से उनका सपना था कि उनका भी अपना पक्का घर हो, जो अब प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पूरा हुआ है। उन्होंने बताया कि पहले खराब मौसम और बारिश के दौरान काफी परेशानियां होती थीं, लेकिन अब पक्का मकान मिलने से परिवार सुरक्षित और संतुष्ट महसूस कर रहा है।
दोनों हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री Narendra Modi एवं मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं तथा जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान कर रही हैं।


