सुशासन शिविर में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

36gadrnewsupdet सारंगढ़। ग्राम पंचायत फर्सवानी, जनपद पंचायत सारंगढ़ में आयोजित सुशासन शिविर में मंगलवार को कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने लगभग 850 ग्रामीणों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशामुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं जागरूक समाज निर्माण में सहभागिता निभाने का संकल्प दिलाया गया।

शिविर में कलेक्टर ने कहा कि नशामुक्त समाज ही स्वस्थ और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने युवाओं एवं ग्रामीणों से नशे के दुष्परिणामों से बचने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। शपथ संकल्प के पश्चात उपस्थित लोगों को नशामुक्ति संबंधी प्रेरक साहित्य का भी वितरण किया गया।
इस अवसर पर डॉ. हरिहर जायसवाल, सभापति एवं जिला पंचायत सदस्य, एसडीएम डॉ. वर्षा बंसल, जनपद पंचायत सीईओ राधेश्याम नायक, क्षेत्र के जनपद सदस्य, ग्राम पंचायत सरपंच, अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग द्वारा 19 ग्रामीणों को पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं 2 वरिष्ठ नागरिकों को जीवन सहायक उपकरण के रूप में वॉकिंग स्टिक (छड़ी) वितरित की गई।


