खेलो इंडिया सेंटर में नई जर्सी का भव्य अनावरण

36gadrnewsupdet राजनांदगांव। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित खेलो इंडिया लघु केंद्र, राजनांदगांव में हॉकी खिलाड़ियों की नई प्लेयिंग किट (जर्सी) का अनावरण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में वर्ष में दो बार खिलाड़ियों को किट वितरण की परंपरा के अंतर्गत यह आयोजन किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि श्री मधुसूदन यादव, महापौर, राजनांदगांव रहे। विशिष्ट अतिथियों में ए. एक्का, सहायक निदेशक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग; फिरोज़ अंसारी, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ हॉकी; पार्षद सावन वर्मा,



छोटेलाल रामटेके, मनोहर यादव; तथा जिला हॉकी संघ सचिव शिव नारायण धकेता, नीलम जैन एवं भूषण साव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खेलों के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के एस्ट्रोटर्फ के उन्नयन की दिशा में भी शीघ्र कार्य किया जाएगा। श्री यादव ने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के माध्यम से उत्कृष्ट खिलाड़ी बनने का आह्वान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने छत्तीसगढ़ हॉकी अध्यक्ष श्री फिरोज़ अंसारी की मांग पर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हाई मास्ट लाइट लगाने की घोषणा भी की।
नई जर्सी का अनावरण करते हुए उन्होंने कहा कि जर्सी केवल टीम की पहचान नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना का प्रतीक है। मैदान में उतरते समय प्रत्येक खिलाड़ी को टीम भावना और सामूहिक प्रयास की भावना के साथ खेलना चाहिए।
छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज़ अंसारी ने अपने स्वागत भाषण में बताया कि खेलो इंडिया स्कीम के तहत संचालित इस केंद्र में वर्तमान में 75 बालक एवं बालिका खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। शासन की ओर से प्रशिक्षणार्थियों को नियमित रूप से प्लेयिंग किट प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ खिलाड़ियों की उपस्थिति में किट वितरण किया जा रहा है, जिससे युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन होगा।
इससे पूर्व प्रातःकाल में बालिका वर्ग की जर्सी का अनावरण जितेंद्र मुदलियार (पूर्व अध्यक्ष, राज्य युवा आयोग, छत्तीसगढ़ शासन) द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि जर्सी के रंग और डिज़ाइन में टीम का अनुशासन और जज़्बा झलकता है। खिलाड़ियों को याद रखना चाहिए कि वे मैदान पर केवल स्वयं का नहीं, बल्कि टीम और समर्थकों की उम्मीदों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने सामूहिक प्रयास को ही सफलता की कुंजी बताया।कार्यक्रम में नीलम चंद जैन, महेंद्र सिंह ठाकुर, प्रिंस भाटिया, गुणवंत पटेल, अनुराज श्रीवास्तव, चेतन भानुशाली, राजिक सोलंकी, परमजीत सिंह (साई कोच), समृति देवी (साई कोच), शकील अहमद (खेलो इंडिया हॉकी कोच), किशोर धीवर, जिमी साहू, दिग्विजय श्रीवास्तव, दीपक यादव, तौफ़ीक़ अहमद, प्रीतम प्रजापति, कृष्णा यादव सहित अनेक गणमान्यजन एवं वरिष्ठ खिलाड़ी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन और खेल भावना को सुदृढ़ करने के संदेश के साथ किया गया।


