मिरौनी बैराज में हादसा, सारंगढ़ निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत

36gadrnewsupdet सारंगढ़ । कोसीर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिघनपुर स्थित मिरौनी बैराज में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बुजुर्ग व्यक्ति की अचानक मौत हो गई। घटना के बाद बैराज क्षेत्र में अफरा – तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान भरत लाल देवागन (65 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 8 सारंगढ़ के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है । हालांकि वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
बताया जा रहा है कि – इन दिनों मिरौनी बैराज में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए कोसीर पुलिस और प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही थी। हाल ही में प्रशासन ने बैराज क्षेत्र में डीजे बजाने और लापरवाहीपूर्ण गतिविधियों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी। घटना की सूचना मिलते ही कोसीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटना के बाद बैराज क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। प्रशासन और पुलिस ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि – पर्यटन, पिकनिक स्थलों पर सावधानी बरतें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।


