CHHATTISGARHraipur

आरंग में विशाल सुशासन शिविर सफल, 593 आवेदनों में कई का मौके पर निराकरण

 

36gadrnewsupdet आरंग/रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद आरंग द्वारा शासकीय अरुंधती देवी उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय परिसर में विशाल सुशासन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वार्ड क्रमांक 1 से 17 तक के नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों का निराकरण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सुशासन तभी सार्थक होता है, जब प्रशासन स्वयं जनता के द्वार तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर चेहरे पर मुस्कान आए।

मंत्री ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान सरकार की प्राथमिकता है।

शिविर के दौरान जन्म, मृत्यु, विवाह, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। साथ ही सड़क दुर्घटना सहायता राशि के तहत 25 हजार रुपये के चेक हितग्राहियों को प्रदान किए गए। उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास, श्रम कार्ड, किसान किताब, राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड का भी वितरण हुआ।

दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र एवं टीबी मरीजों को पोषण आहार किट प्रदान की गई। वहीं कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।

शिविर में कुल 593 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 520 मांग संबंधी एवं 73 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। संबंधित विभागों को समय-सीमा के भीतर निराकरण के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest