कोसीर में निकली भव्य धम्म रैली, बौद्ध भिक्षुओं ने दिया समानता और मानवता का संदेश

36gadrnewsupdet सारंगढ़। कोसीर नगर स्थित स्थानीय बौद्ध विहार में आयोजित 15 दिवसीय श्रामणेर शिविर का समापन धम्म रैली के साथ हुआ। इस शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बौद्ध भिक्षुओं एवं भगवान बुद्ध के अनुयायियों ने भाग लिया।
भगवान बुद्ध के उपदेशों और मानवता, शांति एवं समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य धम्म रैली निकाली गई। रैली बौद्ध विहार से प्रारंभ होकर नगर के हृदय स्थल तक पहुंची, जहां बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जयकारे लगाए गए।
इस अवसर पर बौद्ध विहार के भंते भदंत बुद्धघोष ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में भले ही ऊंच-नीच और भेदभाव देखने को मिलता हो, लेकिन बाबा साहब द्वारा निर्मित संविधान सभी नागरिकों को समानता का अधिकार देता है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा, करुणा और समरसता बनाए रखने की अपील की।
धम्म रैली में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीणजन एवं बुद्ध अनुयायी शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम में शांतिपूर्ण एवं आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला।


