CHHATTISGARHKORBA

कोरबा कोर्ट में भगदड़: गिरफ्तारी से बचने भागा फरार आरोपी, दूसरी मंजिल से गिरा—अधिवक्ताओं ने पहुंचाया अस्पताल

 

36gadrnewsupdetकोरबा। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक फरार आरोपी अधिवक्ता भवन की दूसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी की पहचान संदीप अग्रवाल के रूप में हुई है, जो कटघोरा थाना में वर्ष 2025 में दर्ज एक आपराधिक मामले में फरार चल रहा था।

जानकारी के अनुसार, आरोपी अपने केस से संबंधित दस्तावेजों की नकल नहीं मिलने से परेशान था और इसी सिलसिले में उसने आरटीआई आवेदन भी दाखिल किया था। उसी आवेदन पर सुनवाई के लिए वह कोर्ट पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उसके आने की सूचना पहले ही पुलिस को मिल गई थी, जिसके बाद पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने के लिए कोर्ट परिसर पहुंच गई।

पुलिस को देखते ही आरोपी घबरा गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए अधिवक्ता भवन की ओर भागने लगा। इसी दौरान वह दूसरी मंजिल तक पहुंच गया, लेकिन भागने के प्रयास में संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़ा।

घटना की आवाज सुनते ही मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं ने तत्काल उसे संभाला। अधिवक्ता कमलेश श्रीवास और लक्ष्मण पटेल द्वारा घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके सिर और सीने में चोटें आई हैं, हालांकि फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घायल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

फिलहाल इस मामले में पुलिस का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का पक्ष मिलने के बाद खबर को अपडेट किया जाएगा। यह समाचार आरोपी एवं उसके अधिवक्ता से प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest