CHHATTISGARH

सक्ती के वेदांता पावर प्लांट में भीषण हादसा, बॉयलर फटने से कई मजदूर घायल, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने दिए सख्त निर्देश

36gadrnewsupdetसक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित वेदांता पावर प्लांट (सिंघीतराई) में हुए दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन और शासन सतर्क हो गया है। जानकारी के अनुसार बॉयलर फटने से यह बड़ा हादसा हुआ, जिसमें करीब 40 मजदूर घायल हो गए हैं, वहीं कुछ मजदूरों की मौत की आशंका भी जताई जा रही है।

घटना को लेकर जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब लगातार उच्च अधिकारियों और जिला प्रशासन के संपर्क में हैं तथा पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद और चिंताजनक बताते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को तत्काल तेज करने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री ने मृतकों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि इस कठिन समय में शासन उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्च स्तरीय अस्पतालों में रेफर किया जाए। इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या सुरक्षा मानकों में कमी पाई जाती है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के आदेश दिए गए हैं।

साथ ही प्रशासन और प्लांट प्रबंधन को घटना की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य शासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest